मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर एयरपोर्ट पर नवीन स्टेट टर्मिनल भवन निर्माण के लिए आयोजित भूमि पूजन समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने शिला का पूजन कर नींव में शिला स्थापित की और हवन में पूर्णाहुति दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हवाई, रेल और सड़क परिवहन के विकास से बेहतर कनेक्टिविटी मिल रही है। इस परियोजना के लिए कुल 52 करोड़ 35 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें से पहले चरण में 19 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से स्टेट टर्मिनल भवन का निर्माण किया जा रहा है।
भवन में मिलेंगी ये आधुनिक सुविधाएं
इस नए टर्मिनल भवन में कार्यालय के साथ दो वीआईपी लाउंज, कॉन्फ्रेंस हॉल, मीटिंग हॉल, 10 विश्राम कक्ष, ट्रेनिंग कक्ष, कैफे और सुरक्षा जांच क्षेत्र जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भवन की वास्तुकला में आधुनिकता के साथ राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी दिखाई देगी।
