मुख्य सामग्री पर जाएं
ब्रेकिंग

जयपुर एयरपोर्ट पर नए स्टेट टर्मिनल भवन का हुआ भूमि पूजन

अपडेट:

जयपुर एयरपोर्ट पर 19.62 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन स्टेट टर्मिनल भवन का भूमि पूजन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया। इस परियोजना पर कुल 52.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

शेयर करें
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा जयपुर एयरपोर्ट पर नए स्टेट टर्मिनल भवन के लिए भूमि पूजन समारोह
— Times of Rajasthan

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर एयरपोर्ट पर नवीन स्टेट टर्मिनल भवन निर्माण के लिए आयोजित भूमि पूजन समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने शिला का पूजन कर नींव में शिला स्थापित की और हवन में पूर्णाहुति दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हवाई, रेल और सड़क परिवहन के विकास से बेहतर कनेक्टिविटी मिल रही है। इस परियोजना के लिए कुल 52 करोड़ 35 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें से पहले चरण में 19 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से स्टेट टर्मिनल भवन का निर्माण किया जा रहा है।

भवन में मिलेंगी ये आधुनिक सुविधाएं

इस नए टर्मिनल भवन में कार्यालय के साथ दो वीआईपी लाउंज, कॉन्फ्रेंस हॉल, मीटिंग हॉल, 10 विश्राम कक्ष, ट्रेनिंग कक्ष, कैफे और सुरक्षा जांच क्षेत्र जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भवन की वास्तुकला में आधुनिकता के साथ राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी दिखाई देगी।

परियोजना के दूसरे चरण में एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर की पार्किंग के लिए हैंगर तथा टारमेक का निर्माण किया जाएगा। एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया द्वारा इस परियोजना के लिए राज्य सरकार को 12 हजार 778 वर्गमीटर भूमि आवंटित की गई है।

परिवहन और कनेक्टिविटी का विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि कोटा, किशनगढ़, बाड़मेर और बीकानेर में हवाई संपर्क के विस्तार पर कार्य चल रहा है। इसके अलावा झालावाड़, सीकर, झुंझुनूं और श्रीगंगानगर में फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन की स्थापना के लिए भूमि आवंटन और उदयपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 145 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जा रही है।

समारोह में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा, विधायक डॉ. कैलाश वर्मा, गोपाल शर्मा, बालमुकुन्दाचार्य, महापौर सुनील कोठारी, उपमहापौर सरोज कंवर, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव सार्वजनिक निर्माण प्रवीण गुप्ता, प्रमुख शासन सचिव नागरिक उड्डयन नवीन जैन सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

स्रोत: Times of Rajasthan

स्रोत: Times of Rajasthan

शेयर करें

टिप्पणियां

0 / 1200

टिप्पणियां प्रकाशन के 30 दिन बाद बंद हो जाती हैं।

संबंधित खबरें

पंचायती राज आम चुनाव-2026 : चतुर्थ चरण में 6 लाख 40 हजार 195 मतदाता करेंगे मतदान, 231 ग्राम पंचायतों के 696 मतदान केंद्रों पर 14 एवं 16 नवंबर को होगा मतदान 13 नवंबर को चार स्थानों से होगी मतदान दलों की रवानगी

राजस्थान