राजस्थान सरकार सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय, श्रीगंगानगर बीकानेर कैनाल की साफ-सफाई एवं पर्याप्त जलापूर्ति को लेकर पंजाब क्षेत्र में किया निरीक्षण श्रीगंगानगर, 12 नवम्बर। जल संसाधन वृत श्रीगंगानगर के अधीक्षण अभियंता श्री संजीव वर्मा एवं अधिशाषी अभियंता जल संसाधन गंगनहर रेग्युलेशन खण्ड श्री नरेश मीणा ने गुरुवार को पंजाब क्षेत्र में बीकानेर कैनाल का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य नहर की साफ-सफाई एवं निर्धारित शेयर के अनुरूप पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना रहा। निरीक्षण के पश्चात फिरोजपुर में अधीक्षण अभियंता, फिरोजपुर कैनाल वृत के साथ बैठक कर नहर की साफ-सफाई एवं जल प्रवाह से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान अधीक्षण अभियंता फिरोजपुर ने अवगत कराया कि पूर्व में बीकानेर कैनाल की साफ-सफाई के लिए दो बार निविदाएं आमंत्रित की गई थीं, लेकिन किसी भी ठेकेदार के निविदा प्रक्रिया में भाग नहीं लेने के कारण कार्य प्रारम्भ नहीं हो सका।  उन्होंने बताया कि अब पुनः निविदाएं आमंत्रित की गई हैं, जिन्हें 17 नवम्बर 2026 को खोला जाएगा। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात नहर की साफ-सफाई का कार्य शुरू किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त, बीकानेर कैनाल की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र तैयार करने की कार्यवाही भी की जा रही है। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि वर्तमान में बीकानेर कैनाल की आरडी 45 पर निर्धारित 1800 क्यूसेक जल शेयर के विरुद्ध 2040 क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा है। अधिकारियों द्वारा पानी के प्रवाह में किसी प्रकार का उतार-चढ़ाव नहीं होने तथा निर्धारित जलापूर्ति निरंतर बनाए रखने के संबंध में भी अधीक्षण अभियंता फिरोजपुर से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बीकानेर कैनाल की साफ-सफाई एवं निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। (फोटो सहित) ----------

स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला गंगानगर) · 12 नवम्बर 2026, 05:08 PM — मूल विज्ञप्ति