डीग, 05 नवंबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के तहत गुरुवार को डीग जिले की बृजनगर, कामां एवं पहाड़ी पंचायत समिति क्षेत्रों की 132 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। जिले में कुल 89.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष ने बताया कि जिले की 132 ग्राम पंचायतों में कुल 4 लाख 3 हजार 651 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 3 लाख 61 हजार 284 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि बृजनगर की 53 ग्राम पंचायतों में 1 लाख 51 हजार 99 मतदाताओं में से 1 लाख 35 हजार 386 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां 89.60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इसी प्रकार कामां की 40 ग्राम पंचायतों में कुल 1 लाख 22 हजार 851 मतदाताओं में से 1 लाख 8 हजार 829 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां 88.59 प्रतिशत मतदान हुआ। पहाड़ी की 39 ग्राम पंचायतों में कुल 1 लाख 29 हजार 701 मतदाताओं में से 1 लाख 17 हजार 69 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां सर्वाधिक 90.26 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।