जयपुर। नगर निकाय चुनाव में टिकटों की घोषणा से पहले ही कांग्रेस के भीतर टिकट की लड़ाई ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। अजमेर में टिकट वितरण को लेकर कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान उस वक्त खुलकर सामने आ गई, जब पूर्व मंत्री रामलाल जाट और पूर्व विधायक धीरज गुर्जर आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की मौजूदगी में दोनों नेताओं के बीच पहले तीखी बहस हुई और देखते ही देखते मामला कथित तौर पर गाली-गलौज तक पहुंच गया।
घटनाक्रम ने कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी और टिकटों को लेकर बढ़ती बेचैनी को उजागर कर दिया है। पार्टी में जहां एक ओर अधिकृत प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम मंथन चल रहा है, वहीं दूसरी ओर टिकट के दावेदार और उनके समर्थक अपने-अपने नेताओं के जरिए दबाव बनाने में जुटे हैं।
