राजस्थान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 14 और 15 नवंबर को प्रदेश के 10 जिलों में मेघगर्जन के साथ बारिश का येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना भी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने नागरिकों को बदलते मौसम के मद्देनजर सतर्क रहने की सलाह दी है।
14 और 15 नवंबर को इन जिलों में रहेगा असर
मौसम विभाग के मुताबिक, 14 नवंबर को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में आंशिक बदरी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। विभाग ने बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर और फलोदी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
