
रबी फसल वर्ष 2026-27 के दौरान जिले में सिंचाई जल का सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में शुक्रवार को मोरेल, मानसरोवर, सूरवाल, ढील एवं मोरासागर बांधों की जल वितरण समितियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में संबंधित अधिकारियों, जल उपभोक्ता संगम के पदाधिकारियों एवं काश्तकारों की उपस्थिति में बांधों में उपलब्ध जल, नहरों की स्थिति तथा सिंचाई जल वितरण कार्यक्रम पर चर्चा कर सर्वसम्मति से निर्णय लिए। जिला कलक्टर ने अधिशाषी अभियंता अरुण शर्मा को बांधों की मुख्य एवं वितरिका नहरों का निरीक्षण कर आवश्यक सफाई एवं मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करवाने के निर्देश दिए। ढील बांध की नहर के क्षतिग्रस्त हिस्सों को पानी छोड़ने से पहले दुरुस्त करने तथा नहर के पक्का निर्माण के प्रस्ताव को आगामी बजट वर्ष 2027-28 में शामिल करवाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी बांधों एवं नहरों की स्थिति का पूर्ण निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने किसानों से भी अपने-अपने धोरों एवं खेतों तक जाने वाली जल वितरण व्यवस्था की सफाई एवं मरम्मत समय पर करवाने की अपील की। पांचों बांधों की नहरें निर्धारित तिथियों पर खोली जाएंगी:- बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार मोरेल बांध की दोनों नहरें 17 नवम्बर को प्रातः 8 बजे, ढील बांध की नहर 20 नवम्बर को प्रातः 9 बजे, सूरवाल बांध की नहर 21 नवम्बर को प्रातः 9 बजे, मोरासागर बांध की नहर 27 नवम्बर को प्रातः 9 बजे तथा मानसरोवर बांध की नहर 30 नवम्बर को प्रातः 9 बजे खोली जाएगी। नहरों का संचालन जल की उपलब्धता, किसानों की मांग एवं निर्धारित सिंचाई कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। बैठक में जल उपभोक्ता संगम के पदाधिकारियों एवं काश्तकारों से नहरों के संचालन में सहयोग करने की अपील की गई। जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि नहरों में पानी के प्रवाह में बाधा उत्पन्न करने, अवैध रूप से पानी लेने अथवा नहरों को क्षतिग्रस्त करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों एवं जल उपभोक्ता संगम के सदस्यों से समन्वय के साथ जल वितरण व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में उपखण्ड अधिकारी लालसोट विजेन्द्र कुमार मीणा, सदस्य सचिव एवं अधीक्षण अभियंता प्रकाश चन्द्र अम्बेश, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी हरज्ञान मीना सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, जल उपभोक्ता संगमों से मुनिराम मीना, नानजी राम मीना, कानजी मीना, रामकुमार माली, सूरज मीना, रामखिलाड़ी मीना एवं काश्तकार उपस्थित रहे। ---000---
स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला सवाई माधोपुर) · 13 नवम्बर 2026, 05:19 PM — मूल विज्ञप्ति
