मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व एवं राज्य सरकार की प्रभावी नीतियों के परिणामस्वरूप राजस्थान अक्षय ऊर्जा, विशेषकर सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा है। प्रदेश में अब तक 51.6 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता तथा 45 गीगावाट सौर ऊर्जा क्षमता स्थापित हो चुकी है। अक्षय ऊर्जा उत्पादन, सौर ऊर्जा क्षमता स्थापना तथा प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम) योजना के क्रियान्वयन में राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर है। राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है कि सौर ऊर्जा की अपार संभावनाओं का उपयोग कर प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया जाए तथा किसानों, युवाओं और निवेशकों के लिए विकास एवं रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएं।
राजस्थान की भौगोलिक परिस्थितियां, विशाल भू-भाग और वर्षभर उपलब्ध रहने वाली प्रचुर सूर्य की रोशनी इसे सौर ऊर्जा उत्पादन के लिए विशेष रूप से अनुकूल बनाती हैं। राज्य सरकार इन संभावनाओं को साकार करने के लिए बड़े सौर ऊर्जा पार्कों, रूफटॉप सोलर, पवन ऊर्जा, बायोमास तथा ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश का लक्ष्य वर्ष 2030 तक लगभग 125 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता विकसित करना है। इसके साथ ही भारत सरकार के वर्ष 2030 तक 500 गीगावाट जीवाश्म रहित ईंधन आधारित स्थापित विद्युत क्षमता के राष्ट्रीय लक्ष्य की प्राप्ति में राजस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में नीतिगत पहल से निवेश को मिल रहा प्रोत्साहन