जयपुर,16 नवम्बर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के सभी राजकीय चिकित्सा संस्थानों एवं अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं संक्रमणमुक्त वातावरण उपलब्ध करवाना चिकित्सा संस्थानों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्री खींवसर ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध अस्पतालों, जिला अस्पतालों, उप जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित रूप से पेस्ट कंट्रोल करवाया जाए तथा चूहों एवं अन्य कीटों की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अस्पतालों के सभी वार्डों, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, प्रसूति कक्ष, शौचालयों एवं अन्य चिकित्सा इकाइयों में नियमित साफ-सफाई रखी जाए और इसकी निरंतर मॉनिटरिंग की जाए।
उन्होंने अस्पताल भवनों के खिड़की-दरवाजों, नालियों एवं अन्य प्रवेश मार्गों का निरीक्षण कर ऐसे स्थानों को सुरक्षित करने के निर्देश दिए हैं, जहां से चूहे एवं अन्य आवारा पशु अस्पताल परिसर में प्रवेश कर सकते हैं। अस्पतालों में मरीजों एवं उनके परिजनों को खाद्य सामग्री खुली नहीं छोड़ने के लिए जागरूक किया जाए। कैंटीन एवं भोजन वितरण स्थलों पर भी खाद्य सामग्री के सुरक्षित रखरखाव और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।