जयपुर, 16 नवंबर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर द्वितीय द्वारा आमजन की सड़क सुरक्षा और यात्री वाहनों में वैधानिक सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार से 2 माह के विशेष राज्यव्यापी अभियान "रालसा फॉर रोड सेफ्टी कैंपेन" का शुभारंभ किया गया। 2 माह का यह अभियान 15 जनवरी तक संचालित किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर द्वितीय की सचिव, पल्लवी शर्मा ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मोबाइल मजिस्ट्रेट विजय कुमार सिरोहीवाल, परिवहन विभाग, यातायात पुलिस एवं जिला प्रशासन की संयुक्त प्रवर्तन टीम द्वारा जयपुर महानगर द्वितीय क्षेत्र के 14 नंबर रोड एरिया पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान स्लीपर कोच, लग्जरी यात्री बसों के साथ-साथ शहरी क्षेत्र में संचालित सिटी बसों और मिनी बसों का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया।
संयुक्त टीम द्वारा वैधानिक दस्तावेज एवं फिटनेस, वाहनों के वैध फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा एवं प्रदूषण नियंत्रण (पीयूसी) प्रमाण पत्रों की जांच की गई। सुरक्षा उपकरण एवं आपातकालीन व्यवस्था, बसों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता व कार्यशीलता, आपातकालीन निकास द्वार की सुगमता तथा किसी भी प्रकार के अनधिकृत ढांचागत बदलाव की जांच की गई। स्पीड गवर्नर की जांच, सिटी एवं मिनी बसों में निर्धारित गति नियंत्रक उपकरण लगे होने और उनके सुचारू रूप से कार्य करने का भौतिक सत्यापन किया गया।