जयपुर, 16 नवंबर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग की बढ़ती घटनाओं पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के साथ रैगिंग, दुर्व्यवहार और किसी भी प्रकार का मानसिक अथवा शारीरिक उत्पीड़न किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए और दोषी विद्यार्थियों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले संस्थान के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज शिक्षा और संस्कार के केंद्र हैं। यहां विद्यार्थियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना संस्थान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा कनिष्ठ विद्यार्थियों को प्रताड़ित करना, उन पर अनुचित दबाव बनाना, देर रात तक जगाना, जबरन गतिविधियां करवाना अथवा किसी भी प्रकार से अपमानित करना गंभीर अनुशासनहीनता है। ऐसी घटनाओं को किसी भी स्तर पर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चिकित्सा शिक्षा विभाग एवं राजस्थान मेडिकल एजुकेशन सोसायटी (राजमेस) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी राजकीय एवं निजी मेडिकल कॉलेजों में जारी एंटी रैगिंग एक्शन प्लान की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। कॉलेज प्रशासन रैगिंग की प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई करे।