Skip to content
हिन्दी
BREAKING

मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग की घटनाओं पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सख्त दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा रैगिंग रोकने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति की सख्ती से पालना के निर्देश कॉलेज प्रशासन की जिम्मेदारी तय होगी, लापरवाही मिलने पर होगी कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सभी मेडिकल कॉलेजों में ए

Updated:

जयपुर, 16 नवंबर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग की बढ़ती घटनाओं पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के साथ रैगिंग, दुर्व्यवहार और किसी भी प्रकार का मानसिक अथवा शारीरिक उत्पीड़न किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए और दोषी विद्यार्थियों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले संस्थान के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध भी निय

जयपुर, 16 नवंबर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग की बढ़ती घटनाओं पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के साथ रैगिंग, दुर्व्यवहार और किसी भी प्रकार का मानसिक अथवा शारीरिक उत्पीड़न किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए और दोषी विद्यार्थियों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले संस्थान के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज शिक्षा और संस्कार के केंद्र हैं। यहां विद्यार्थियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना संस्थान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा कनिष्ठ विद्यार्थियों को प्रताड़ित करना, उन पर अनुचित दबाव बनाना, देर रात तक जगाना, जबरन गतिविधियां करवाना अथवा किसी भी प्रकार से अपमानित करना गंभीर अनुशासनहीनता है। ऐसी घटनाओं को किसी भी स्तर पर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

उन्होंने चिकित्सा शिक्षा विभाग एवं राजस्थान मेडिकल एजुकेशन सोसायटी (राजमेस) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी राजकीय एवं निजी मेडिकल कॉलेजों में जारी एंटी रैगिंग एक्शन प्लान की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। कॉलेज प्रशासन रैगिंग की प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई करे।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य  मंत्री ने निर्देश दिए कि रैगिंग संबंधी शिकायतों की जांच के दौरान पीड़ित विद्यार्थियों की पहचान एवं परिवारों की जानकारी गोपनीय रखी जाए। शिकायतकर्ताओं को डराने-धमकाने अथवा शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई हो। जांच निष्पक्ष हो और किसी भी विद्यार्थी के साथ भेदभाव नहीं किया जाए।

उन्होंने सभी मेडिकल कॉलेजों को निर्देश दिए कि कॉलेज परिसर, छात्रावासों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी की जाए। किसी भी शिकायत की स्थिति में संबंधित फुटेज एवं डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए समयबद्ध जांच की जाए। छात्रावास वार्डन, सुरक्षा कर्मियों और संबंधित जिम्मेदार कर्मचारियों से भी पूछताछ की जाए।

श्री खीवसर ने कहा कि विद्यार्थियों से नियमित रूप से गोपनीय साक्षात्कार किए जाएं तथा उनकी समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए। नए विद्यार्थियों की नियमित काउंसलिंग की जाए और उन्हें रैगिंग की शिकायत दर्ज कराने के उपलब्ध माध्यमों की जानकारी दी जाए। एंटी रैगिंग कमेटी एवं एंटी रैगिंग स्क्वॉड सक्रिय रहकर नियमित निगरानी करें।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि भविष्य में रैगिंग की कोई घटना सामने आती है और जांच में संस्थान प्रशासन की लापरवाही अथवा उदासीनता पाई जाती है, तो संबंधित कॉलेज प्रशासन को जिम्मेदार माना जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर दंडात्मक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। प्रत्येक मेडिकल कॉलेज यह सुनिश्चित करे कि वहां पढ़ने वाला हर विद्यार्थी बिना किसी भय, दबाव और उत्पीड़न के अपनी पढ़ाई कर सके। ———— ओटाराम/मोहन

स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला जयपुर) · 16 नवम्बर 2026, 02:03 PM — मूल विज्ञप्ति

Source: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News

चतुर्थ चरण के सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के मतदान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने संभाली व्यवस्थाओं की कमान —बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी की ग्राम पंचायतों

चतुर्थ चरण के सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के मतदान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने संभाली व्यवस्थाओं की कमान —बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी की ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान संपन्न —मतदाताओं से संवाद कर लिया व्यवस्थाओं का फीडबैक, निर्भीक एवं उत्साहपूर्

Rajasthan

राजस्थान पुलिस की अनूठी पहल अनुसंधान एवं अभियोजन में मार्गदर्शक बनेगी ‘विधि दर्पण’ पुस्तिका - डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने किया प्रथम अंक का विमोचन - उच्चतम न्यायालय और राजस्थान उच्च न्यायालय के चयनित निर्णयों का संकलन

Rajasthan