



जयपुर, 4 नवंबर। राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 के अंतर्गत श्रीराम रंगमंच पर आयोजित राज्य स्तरीय 'चंबल केसरी दंगल' का बुधवार को रोमांचक और भव्य समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा रहे, जबकि अध्यक्षता राज्य मंत्री, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा ने की। दंगल के दौरान कुल 13 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि और 11 क्विंटल शुद्ध घी वितरित किया गया।
मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों के स्तर पर खेल और खिलाड़ियों के महत्व को समझते हुए उन्हें भरपूर संबल दिया जा रहा है जिससे खेलों में हमारा प्रदर्शन निरंतर ऊंचाइयां छू रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार खिलाड़ियों के सम्बलन और खेलों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए गौरव की बात है कि प्रदेश की बेटियां भी कुश्ती जैसे खेलों में दम खम दिखा रही हैं।
