जयपुर, 04 नवम्बर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री राजेश यादव के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रभावी मॉनिटरिंग में प्रदेश में नवाचार और परिणाम आधारित प्रयासों को नई गति मिल रही है। उनके निर्देशानुसार ‘स्टार टीचर’ पहल के माध्यम से उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, वहीं ‘राजस्थान शिक्षा सेतु अभियान’ से प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इन समन्वित प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सरकारी विद्यालयों में पांच साल बाद नामांकन में हुई ऐतिहासिक वृद्धि के रूप में सामने आया है।
उत्कृष्ट शिक्षकों के सम्मान के लिए ‘स्टार टीचर’ पहल की शुरुआत—
सरकारी विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक परिणाम देने वाले तथा शिक्षण की प्रभावी एवं नवाचारी विधियों को अपनाने वाले शिक्षकों को पहचान और प्रोत्साहन प्रदान करने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा विभाग ने अक्टूबर माह में ‘स्टार टीचर’ पहल शुरू की है। इस पहल के तहत 26 अक्टूबर को जारी पहली सूची में प्रदेश के आठ सरकारी विद्यालयों के 15 शिक्षकों को राजस्थान के पहले 'स्टार टीचर' के रूप में चयनित किया गया है।