Skip to content
हिन्दी
BREAKING

एक गांधी अंग्रेजों से लड़े थे, दूसरा गांधी चोरों से लड़ रहा है : अजय शर्मा

Updated:

कांग्रेस के वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान

एक गांधी अंग्रेजों से लड़े थे, दूसरा गांधी चोरों से लड़ रहा है : अजय शर्मा

बीकानेर, 5 नवंबर। कांग्रेस के वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के राजस्थान पर्यवेक्षक अजय शर्मा ने भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग पर वोट चोरी के आरोप लगाते हुए कहा कि एक गांधी अंग्रेजों से लड़े थे, दूसरा गांधी चोरों से लड़ रहा है। आज देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती नागरिकों के मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखने की है।

गुरुवार को रानी बाजार स्थित बीकानेर देहात कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में शर्मा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में बदलाव कर लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है। चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटने और बाद में उन्हीं नामों को दोबारा जोड़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने फॉर्म संख्या-6 में किए गए बदलावों पर भी आपत्ति जताई।

शर्मा ने कहा कि कांग्रेस वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के माध्यम से बूथ स्तर तक मतदाताओं को जागरूक करेगी। उन्होंने आमजन से अपनी मतदाता सूची में नाम की जांच करने और किसी भी त्रुटि पर नियमानुसार शिकायत दर्ज करवाने की अपील की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जब केंद्रीय कानून मंत्री स्वयं लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा निकाल रहे हैं, तो जाहिर है कि लोकतंत्र खतरे में है।

प्रेस वार्ता में शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविन्दराम मेघवाल, महापौर अनिल कल्ला, रोहित जून, डॉ. राजेन्द्र मूण्ड, यशपाल गहलोत और जियाउर रहमान सहित अनेक कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

संयुक्त बैठक में गांव-ढाणी तक अभियान पहुंचाने का आह्वान

प्रेस वार्ता के बाद दोपहर 12:30 बजे जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं देहात की संयुक्त बैठक हुई। इसमें अजय शर्मा ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव, ढाणी-ढाणी और वार्ड-वार्ड तक अभियान पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करना जरूरी है। पार्टी पदाधिकारी सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित नहीं रहे।

देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि यह अभियान लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है। वहीं शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने कहा कि मतदाता सूची में बदलाव और नाम काटे जाने की शिकायतों पर सरकार एवं निर्वाचन आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

बैठक को यशपाल गहलोत, श्रीकृष्ण गोदारा, गजेन्द्र सिंह सांखला, जियाउर रहमान, मकसूद अहमद, हनुमान चौधरी, शशिकला राठौड़, डॉ. प्रीति मेघवाल सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ली कानून व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय बैठक — त्योहारी सीजन में हों सुरक्षा के चाक - चौबंद इंतजाम , यातायात और अग्निशमन की हो पुख्ता व्यवस्था , फील्ड में

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ली कानून व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय बैठक — त्योहारी सीजन में हों सुरक्षा के चाक - चौबंद इंतजाम , यातायात और अग्निशमन की हो पुख्ता व्यवस्था , फील्ड में उतरें वरिष्ठ अधिकारी , किसी भी घटना पर तुरंत लें संज्ञान , संवेदनशील क्षेत्रों और सोशल मीडिया पर रखी जाए प्रभावी निगरानी

Rajasthan