बीकानेर, 5 नवंबर। कांग्रेस के वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के राजस्थान पर्यवेक्षक अजय शर्मा ने भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग पर वोट चोरी के आरोप लगाते हुए कहा कि एक गांधी अंग्रेजों से लड़े थे, दूसरा गांधी चोरों से लड़ रहा है। आज देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती नागरिकों के मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखने की है।
गुरुवार को रानी बाजार स्थित बीकानेर देहात कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में शर्मा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में बदलाव कर लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है। चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटने और बाद में उन्हीं नामों को दोबारा जोड़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने फॉर्म संख्या-6 में किए गए बदलावों पर भी आपत्ति जताई।

