पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत सवाई माधोपुर जिले में जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान एवं उप प्रधान पदों के निर्वाचन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला परिषद सवाई माधोपुर के जिला प्रमुख पद का निर्वाचन 25 नवम्बर को तथा उप जिला प्रमुख पद का निर्वाचन 26 नवम्बर को होगा। इसी प्रकार जिले की समस्त पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए 27 नवम्बर तथा उप प्रधान पद के लिए 28 नवम्बर को निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न करवाई जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख पद के निर्वाचन के लिए बैठक जिला परिषद सवाई माधोपुर के सभागार में आयोजित होगी। वहीं, पंचायत समितियों के प्रधान एवं उप प्रधान पदों के निर्वाचन की बैठकें संबंधित पंचायत समिति मुख्यालयों पर आयोजित की जाएंगी। सभी बैठकों का समय प्रातः 10 बजे निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के तहत प्रातः 10 बजे बैठक प्रारम्भ होगी। इसके बाद प्रातः 11 बजे नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे तथा प्रातः 11ः30 बजे नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। दोपहर 1 बजे तक अभ्यर्थिता वापस लेने का समय निर्धारित है। इसके तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची तैयार कर चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आवश्यकता होने पर अपरान्ह 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान करवाया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरन्त बाद मतगणना की जाएगी तथा निर्वाचन परिणाम घोषित किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख पदों के निर्वाचन के लिए जिला परिषद सभागार में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही प्रधान एवं उप प्रधान पदों के निर्वाचन के लिए बैठक की समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश समस्त विकास अधिकारियों को दिए। ---000---
स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला सवाई माधोपुर) · 23 नवम्बर 2026, 05:48 PM — मूल विज्ञप्ति