


जयपुर, 28 नवम्बर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पेयजल आमजन की मूलभूत आवश्यकता है और इसकी निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। जलापूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल से संबंधित शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के साथ ही फील्ड स्तर पर अधिकारियों की सक्रियता और जवाबदेही भी तय की जाए। अधिकारी फील्ड में जाकर समस्याओं का करें निस्तारण
मुख्यमंत्री ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की उच्च स्तरीय बैठक ली। उन्होंने विभाग की बजट घोषणाओं, प्रगतिरत एवं लम्बित परियोजनाओं के साथ-साथ पेयजल आपूर्ति को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति से जुड़ी जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण करना अधिकारियों का दायित्व है। अधिकारी जनता के बीच जाकर जलापूर्ति से संबंधित समस्याओं का निस्तारण कर आमजन का विश्वास अर्जित करें।
