


जयपुर, 28 नवम्बर। वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री संजय शर्मा ने प्रदेश की आर्द्रभूमियों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समन्वित प्रयास करते हुए उनके प्रभावी प्रबंधन और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को आर्द्रभूमियों के सीमांकन,अधिसूचना एवं प्रबंधन योजनाओं के कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने, अतिक्रमण एवं प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा संरक्षण कार्यों में जनसहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए। वे शनिवार को शासन सचिवालय में राज्य आर्द्रभूमि प्राधिकरण (स्टेट वेटलैंड अथॉरिटी) की नौवीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आर्द्रभूमियां पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके संरक्षण के लिए स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा आर्द्रभूमियों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने और प्रदूषण रोकने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
