राजस्थान सरकार सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, चूरू ---- पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के मद्देनजर चूरू जिले में सूखा दिवस घोषित, मतदान और मतगणना के दौरान संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों तथा 5 किलोमीटर की परिधि में लागू रहेगा प्रतिबंध
चूरू, 13 नवम्बर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार के वित्त (आबकारी) विभाग के आदेशों की अनुपालना में चूरू जिले के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों तथा उनकी 5 किलोमीटर की परिधि में मतदान एवं मतगणना के दौरान सूखा दिवस घोषित किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने बताया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चतुर्थ चरण के मतदान के लिए 12 नवम्बर को शाम 6 बजे से 14 नवम्बर को शाम 6 बजे तक संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सूखा दिवस रहेगा। इसी प्रकार पंच एवं सरपंच के चतुर्थ चरण के मतदान के लिए 14 नवम्बर को शाम 6 बजे से 16 नवम्बर को शाम 6 बजे तक संबंधित क्षेत्रों में सूखा दिवस प्रभावी रहेगा।