सीकर, 13 नवम्बर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के 5 पंचायत समितियों बलांरा, फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, नेछवा, रामगढ़ शेखावाटी में चतुर्थ चरण में 14 नवम्बर को होने वाले मतदान के लिए मतदाताओं को मतदान केन्द्र पर अपनी पहचान स्थापित करने के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। मतदाता फोटो पहचान पत्र उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में निर्धारित अन्य वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों को भी पहचान के प्रमाण के रूप में प्रस्तुत किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि मतदान दिवस पर मतदाता अपनी पहचान सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित पहचान दस्तावेज साथ लेकर मतदान केन्द्र पर आएं। मतदाता फोटो पहचान पत्र उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में आधार कार्ड,मनरेगा जॉब कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटो सहित पेंशन दस्तावेज, केंद्र,राज्य सरकार, पीएसयू, सार्वजनिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक, डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के तहत आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, सांसदों/विधायकों/एमएलसी को जारी किए गए आधिकारिक पहचान पत्र, भारत सरकार के सामाजिक न्याय मंत्रालय द्वारा दिव्यांगजनों को जारी यूनिक डिसेबिलिटी आईडी सहित निर्धारित वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों का उपयोग पहचान प्रमाण के रूप में किया जा सकेगा।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि मतदान के दिन निर्धारित पहचान दस्तावेज अपने साथ लेकर आएं, ताकि मतदान केन्द्र पर पहचान सत्यापन की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके और वे अपने मताधिकार का स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से प्रयोग कर सकें। ......................