पंच गौरव के तहत राज्य स्तरीय किन्नू महोत्सव जनवरी 2027 में श्रीगंगानगर, 23 नवंबर। उद्यान विभाग द्वारा पंच गौरव के तहत राज्य स्तरीय किन्नू महोत्सव का आयोजन जनवरी 2027 में किया जाना प्रस्तावित है। महोत्सव का उद्देश्य श्रीगंगानगर जिले के प्रसिद्ध किन्नू को व्यापक पहचान दिलाने के साथ-साथ कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र की गतिविधियों, उत्पादों एवं उन्नत तकनीकों को बढ़ावा देना है। उद्यान विभाग की उप निदेशक श्रीमती प्रीति गर्ग ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य कृषकों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाते हुए उनकी आय में वृद्धि के अवसर उपलब्ध करवाना है। साथ ही, कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र से जुड़े व्यवसायियों, उत्पादकों एवं क्रेताओं को साझा मंच उपलब्ध करवाया जाएगा, जिससे तकनीकी जानकारी के आदान-प्रदान, विपणन तथा व्यवसायिक अवसरों को बढ़ावा मिल सके। महोत्सव में किन्नू के साथ कृषि एवं उद्यानिकी से संबंधित उत्पादों, उन्नत तकनीकों, कृषि यंत्रों, पौधों एवं बीजों, संरक्षित खेती, सूक्ष्म सिंचाई सहित अन्य गतिविधियों के प्रदर्शन के लिए विभिन्न संस्थाओं, कंपनियों एवं व्यवसायियों की स्टॉल लगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त किन्नू के विपणन एवं खरीद को बढ़ावा देने के लिए क्रेताओं एवं व्यापारिक संस्थाओं की स्टॉल भी लगाई जाएंगी। इच्छुक क्रेताओं, कंपनियों एवं कृषि-उद्यानिकी क्षेत्र से जुड़ी संस्थाओं के लिए स्टॉल बुकिंग की व्यवस्था की जाएगी। स्टॉल बुकिंग एवं अन्य जानकारी के लिए उद्यान विभाग के सहायक कृषि अधिकारी श्री जगराज गोदारा से मोबाइल नंबर 97835-12882 पर संपर्क किया जा सकता है। --------
स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला गंगानगर) · 23 नवम्बर 2026, 05:19 PM — मूल विज्ञप्ति