राजस्थान सरकार सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय, श्रीगंगानगर नशा मुक्त भारत अभियान के संदेश के साथ 6 दिसंबर को आयोजित होगी साइक्लोथॉन श्रीगंगानगर, 23 नवम्बर। जिला कलक्टर डाॅ. अमित यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरिशंकर के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत श्रीगंगानगर को नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक बनाने के संकल्प के साथ फिट गंगानगर सोसायटी एवं जिला प्रशासन द्वारा 6 दिसंबर को आयोजित होने वाली साइक्लोथॉन को लेकर शहर में जनभागीदारी का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। इसी कड़ी में गुड शेफर्ड पब्लिक स्कूल एवं सेक्रेड हार्ट स्कूल में विद्यार्थियों को साइक्लोथॉन से जोड़ने तथा अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष रजिस्ट्रेशन कैंप आयोजित किए गए। दोनों विद्यालयों में आयोजित इन कैंपों के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक रजिस्ट्रेशन करवाया। विद्यार्थियों को साइक्लोथॉन के उद्देश्य से अवगत करवाते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से श्री विक्रम ज्याणी ने बताया गया कि यह आयोजन केवल साइकिल चलाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ समाज को एकजुट करने, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और एक सकारात्मक सामाजिक बदलाव का हिस्सा बनने का अभियान है। साइक्लोथॉन 2026 के लिए पंजीकरण प्रारंभ है। इच्छुक प्रतिभागी लिंकः https://fitganganagarsociety.in/cyclothon/register पर जाकर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि आज का युवा देश का भविष्य है। जिस युवा के हाथों में किताब, खेल का मैदान और साइकिल का हैंडल होगा, वहीं युवा कल देश और समाज की दिशा तय करेगा। नशा व्यक्ति की शारीरिक क्षमता ही नहीं, बल्कि उसके सपनों, परिवार की खुशियों और समाज की संभावनाओं को भी खत्म कर देता है। इसके विपरीत खेल, व्यायाम और सकारात्मक गतिविधियां युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और जीवन के प्रति नई ऊर्जा का संचार करती हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों से आह्वान किया गया कि वे इस साइक्लोथॉन को केवल अपनी व्यक्तिगत भागीदारी तक सीमित न रखें, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इससे जोड़ें। हर विद्यार्थी अपने साथ एक ऐसा संदेश लेकर आगे बढ़े, जो किसी युवा को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित कर सके। श्रीगंगानगर की पहचान आने वाली पीढ़ियां एक ऐसे श्रीगंगानगर में सांस लें, जहां नशे की पहचान नहीं, बल्कि खेल, शिक्षा, संस्कार और प्रतिभा की पहचान हो। 6 दिसंबर 2026 की साइक्लोथॉन इसी सपने को साकार करने की दिशा में एक सामूहिक कदम है। जब हजारों साइकिलों के पहिए एक साथ आगे बढ़ेंगे, तो यह केवल सड़कों पर दौड़ती साइकिलें नहीं होंगी, बल्कि नशे के खिलाफ उठती हजारों आवाजें होंगी। हर पैडल एक संकल्प होगा, हर प्रतिभागी एक संदेशवाहक होगा और हर कदम एक बेहतर भविष्य की ओर बढ़ता हुआ कदम होगा। फिट गंगानगर सोसायटी एवं जिला प्रशासन ने शहर के सभी शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे 6 दिसंबर 2026 की इस मुहिम में बढ़-चढ़कर भाग लें और नशामुक्त श्रीगंगानगर के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। (फोटो सहित) --------
स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला गंगानगर) · 23 नवम्बर 2026, 05:51 PM — मूल विज्ञप्ति