कोटा। पंचायती राज चुनावों की मतगणना से पहले कोटा जिला परिषद की कई सीटें चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होने के साथ ही कुछ वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी ने चुनावी समीकरणों को रोचक बना दिया है। जिले के 25 वार्डों में कुल 63 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने सभी 25 वार्डों में और कांग्रेस ने 24 वार्डों में प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं 11 निर्दलीय और आम आदमी पार्टी के तीन प्रत्याशी भी चुनावी मुकाबले में हैं।
वार्ड 13 बना प्रतिष्ठा का मुकाबला
जिला परिषद का वार्ड 13 सबसे चर्चित वार्डों में शामिल है। यहां पूर्व मंत्री रामकिशन वर्मा के पोते और पूर्व जिला परिषद सदस्य संभव वर्मा का मुकाबला भाजपा के कनवास मंडल प्रभारी कौशल कुमार सोनी से है। इस सीट पर दोनों प्रत्याशियों की राजनीतिक पृष्ठभूमि और क्षेत्र में प्रभाव के चलते खास नजरें टिकी हुई हैं।
