Skip to content
हिन्दी
BREAKING

जयपुर जिला परिषद में भाजपा का दबदबा कायम रहेगा या कांग्रेस करेगी वापसी ?

Updated:

जयपुर। पंचायती राज चुनाव-2026 की मतगणना के साथ ही जयपुर जिले की ग्रामीण राजनीति की नई तस्वीर सामने आएगी। जिला परिषद में भाजपा अपना दबदबा कायम रख पाएगी या कांग्रेस वापसी करते हुए…

जयपुर जिला परिषद में भाजपा का दबदबा कायम रहेगा या कांग्रेस करेगी वापसी ?
Jila parishad jaipur

Highlights

  1. जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए दोनों दलों में प्रतिष्ठा की लड़ाई
  2. 2021 में कांग्रेस के बहुमत के बावजूद भाजपा ने हासिल किया था पद
  3. निवर्तमान जिला प्रमुख रमा देवी चौपड़ा फिर चुनाव मैदान में

जयपुर। पंचायती राज चुनाव-2026 की मतगणना के साथ ही जयपुर जिले की ग्रामीण राजनीति की नई तस्वीर सामने आएगी। जिला परिषद में भाजपा अपना दबदबा कायम रख पाएगी या कांग्रेस वापसी करते हुए सत्ता की चाबी अपने हाथ में लेने में सफल होगी, इसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज है। दोनों प्रमुख दलों के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है।

जयपुर जिला परिषद के 57 वार्डों के लिए 20 नवंबर को मतगणना होगी। बहुमत के लिए किसी भी दल को 29 सदस्यों का समर्थन हासिल करना होगा। इसके अलावा जिले की 22 पंचायत समितियों के 386 वार्डों के परिणाम भी घोषित होंगे। इन नतीजों से ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस के राजनीतिक प्रभाव का आकलन होगा।

2021 में कांग्रेस के बहुमत के बावजूद भाजपा ने बनाई थी जिला प्रमुख

जयपुर जिला परिषद के पिछले चुनाव का घटनाक्रम इस बार भी राजनीतिक चर्चा का प्रमुख विषय है। वर्ष 2021 में जिला परिषद के 51 वार्डों में कांग्रेस ने 27 और भाजपा ने 24 सीटें जीती थीं। संख्या बल में कांग्रेस आगे थी, लेकिन जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा ने बाजी पलट दी थी।

कांग्रेस के टिकट पर जिला परिषद सदस्य चुनी गईं रमा देवी चौपड़ा जिला प्रमुख का टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर भाजपा में शामिल हो गई थीं। भाजपा ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया और उन्होंने कांग्रेस की सरोज देवी शर्मा को एक वोट से हराकर जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल की थी। रमा देवी को 26 और सरोज देवी को 25 वोट मिले थे। इस घटनाक्रम में क्रॉस वोटिंग ने अहम भूमिका निभाई थी।

रमा देवी चौपड़ा फिर चुनाव मैदान में

पिछली बार जिला प्रमुख रहीं रमा देवी चौपड़ा इस बार भी चुनावी मैदान में हैं। भाजपा ने उन्हें जिला परिषद के वार्ड 18 से प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में उनके चुनाव परिणाम पर भी राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।

जिला प्रमुख की कुर्सी पर नजर

जिला परिषद सदस्यों के परिणाम आने के बाद अब सबकी नजर जिला प्रमुख के चुनाव पर रहेगी। जिला प्रमुख का चुनाव सीधे जनता नहीं करती, बल्कि निर्वाचित जिला परिषद सदस्य अपने बीच से जिला प्रमुख चुनते हैं। ऐसे में बहुमत का आंकड़ा हासिल करना दोनों दलों के लिए महत्वपूर्ण होगा। जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर को निर्धारित है।

दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा भी दांव पर

जयपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कई नेताओं और राजनीतिक परिवारों की प्रतिष्ठा इन चुनावों से जुड़ी हुई है। प्रत्याशियों की जीत-हार को स्थानीय विधायकों और प्रमुख नेताओं के प्रभाव से जोड़कर भी देखा जाएगा। यही वजह है कि दोनों दलों के नेता मतगणना के परिणामों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

किसके पक्ष में रहा ग्रामीण मतदाता?

20 नवंबर को आने वाले परिणाम यह बताएंगे कि ग्रामीण मतदाताओं ने किस दल की नीतियों, स्थानीय नेतृत्व और प्रत्याशियों पर अधिक भरोसा जताया है। भाजपा के सामने अपना राजनीतिक प्रभाव बनाए रखने की चुनौती है, वहीं कांग्रेस के लिए जिला परिषद में मजबूत स्थिति हासिल करना अहम होगा।

मतगणना के बाद तस्वीर साफ होगी, लेकिन असली राजनीतिक परीक्षा जिला प्रमुख के चुनाव के दौरान होगी। 2021 में हुए राजनीतिक उलटफेर की पुनरावृत्ति होती है या इस बार संख्या बल के आधार पर जिला प्रमुख चुना जाता है, इस पर सभी की निगाहें रहेंगी।

Source: NSI MEDIA

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News