जयपुर। पंचायती राज चुनाव-2026 की मतगणना के साथ ही जयपुर जिले की ग्रामीण राजनीति की नई तस्वीर सामने आएगी। जिला परिषद में भाजपा अपना दबदबा कायम रख पाएगी या कांग्रेस वापसी करते हुए सत्ता की चाबी अपने हाथ में लेने में सफल होगी, इसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज है। दोनों प्रमुख दलों के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है।
जयपुर जिला परिषद के 57 वार्डों के लिए 20 नवंबर को मतगणना होगी। बहुमत के लिए किसी भी दल को 29 सदस्यों का समर्थन हासिल करना होगा। इसके अलावा जिले की 22 पंचायत समितियों के 386 वार्डों के परिणाम भी घोषित होंगे। इन नतीजों से ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस के राजनीतिक प्रभाव का आकलन होगा।
