जैसलमेर। पंचायतीराज चुनावों की मतगणना 20 नवंबर को होगी। जैसलमेर जिला परिषद के चुनाव परिणामों को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बनी हुई है। जिले की कई सीटें ऐसी हैं, जहां मुकाबला केवल प्रत्याशियों के बीच नहीं, बल्कि राजनीतिक दलों की प्रतिष्ठा और स्थानीय मुद्दों से भी जुड़ा हुआ है। इनमें कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर की सीट से लेकर ओरण संरक्षण के मुद्दे पर चुनाव मैदान में उतरे निर्दलीय प्रत्याशियों की सीटें खास चर्चा में हैं।
जिला परिषद के 21 वार्डों में भाजपा, कांग्रेस, आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा है। भाजपा ने 20 और कांग्रेस ने सभी 21 वार्डों में प्रत्याशी उतारे थे। वहीं आरएलपी के पांच तथा 29 निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में थे। ऐसे में कई वार्डों में मुकाबला बहुकोणीय रहा।
