मुख्य सामग्री पर जाएं
ब्रेकिंग

कोटा जिला परिषद की इन पर टिकी है निगाहें, दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी

लेखक Piyush purohit

अपडेट:

कोटा। पंचायती राज चुनावों की मतगणना से पहले कोटा जिला परिषद की कई सीटें चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होने के साथ ही कुछ वार्डों में निर्दलीय…

शेयर करें
कोटा जिला परिषद की इन पर टिकी है निगाहें, दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी
जिला परिषद कोटा

मुख्य बातें

  1. 25 वार्डों में 63 प्रत्याशी मैदान में
  2. पुराने राजनीतिक परिवारों की साख है दाव पर
  3. कई जगह निर्दलीय बिगाड़ेंगे समीकरण

कोटा। पंचायती राज चुनावों की मतगणना से पहले कोटा जिला परिषद की कई सीटें चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होने के साथ ही कुछ वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी ने चुनावी समीकरणों को रोचक बना दिया है। जिले के 25 वार्डों में कुल 63 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने सभी 25 वार्डों में और कांग्रेस ने 24 वार्डों में प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं 11 निर्दलीय और आम आदमी पार्टी के तीन प्रत्याशी भी चुनावी मुकाबले में हैं।

वार्ड 13 बना प्रतिष्ठा का मुकाबला

जिला परिषद का वार्ड 13 सबसे चर्चित वार्डों में शामिल है। यहां पूर्व मंत्री रामकिशन वर्मा के पोते और पूर्व जिला परिषद सदस्य संभव वर्मा का मुकाबला भाजपा के कनवास मंडल प्रभारी कौशल कुमार सोनी से है। इस सीट पर दोनों प्रत्याशियों की राजनीतिक पृष्ठभूमि और क्षेत्र में प्रभाव के चलते खास नजरें टिकी हुई हैं।

वार्ड 5 और 18 में भी दिलचस्प मुकाबला

वार्ड 5 में भाजपा की पूजा सुमन और कांग्रेस की शिवानी कुशवाह के बीच मुकाबला है। पूजा सुमन पूर्व सरपंच रह चुकी हैं। वहीं वार्ड 18 में कांग्रेस ने पूर्व प्रधान एवं पूर्व देहात जिला अध्यक्ष सरोज मीणा को मैदान में उतारा है। उनके चुनावी प्रदर्शन पर भी राजनीतिक हलकों की नजर है।

वार्ड 14 और 19 में निर्दलीय भी चुनौती

वार्ड 14 में भाजपा के ओमप्रकाश नागर अडूसा और कांग्रेस के राजबहादुर के साथ तीन निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। ऐसे में यहां मुकाबला बहुकोणीय हो गया है। वार्ड 19 में भाजपा की रजनी सिंह और कांग्रेस की हेमलता के बीच सीधी टक्कर है। आम आदमी पार्टी की शिल्पा कुमारी मीणा की मौजूदगी भी इस मुकाबले को रोचक बना रही है।

वार्ड 25 में कांग्रेस का प्रत्याशी नहीं, निर्दलीय से मुकाबला

वार्ड 25 में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन खारिज होने के बाद मुकाबला भाजपा की सुगना बाई और निर्दलीय प्रत्याशी कीर्ति गोयम के बीच रह गया है। इस वार्ड का परिणाम भी चर्चा में है।

जिला प्रमुख के चुनाव पर भी परिणाम का असर

कोटा जिला परिषद के चुनाव परिणाम केवल वार्डों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि इनका सीधा असर जिला प्रमुख के चुनाव पर भी पड़ेगा। भाजपा और कांग्रेस दोनों की कोशिश अधिक से अधिक सीटें जीतकर जिला परिषद में अपना बहुमत कायम करने की है। ऐसे में हॉट सीटों के परिणाम राजनीतिक दलों के लिए निर्णायक साबित हो सकते हैं। मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा कि कोटा जिला परिषद में किस दल का पलड़ा भारी रहता है और जिला प्रमुख की कुर्सी पर किसका कब्जा होता है।

शेयर करें

टिप्पणियां

0 / 1200

टिप्पणियां प्रकाशन के 30 दिन बाद बंद हो जाती हैं।

संबंधित खबरें