Skip to content
हिन्दी
BREAKING

जैसलमेर जिला परिषद चुनाव में ओरण संरक्षण के मुद्दे पर भी मतदाताओं के फैसले का इंतजार

Updated:

जैसलमेर। पंचायतीराज चुनावों की मतगणना 20 नवंबर को होगी। जैसलमेर जिला परिषद के चुनाव परिणामों को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बनी हुई है। जिले की कई सीटें ऐसी हैं, जहां मुकाबला…

जैसलमेर जिला परिषद चुनाव में ओरण संरक्षण के मुद्दे पर भी मतदाताओं के फैसले का  इंतजार
जिला परिषद जैसलमेर

Highlights

  1. भाजपा-कांग्रेस के साथ आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशियों ने मुकाबले को बनाया रोचक
  2. वार्ड 3 में अमरदीन फकीर की प्रतिष्ठा
  3. जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए 11 सीटों का बहुमत चाहिए

जैसलमेर। पंचायतीराज चुनावों की मतगणना 20 नवंबर को होगी। जैसलमेर जिला परिषद के चुनाव परिणामों को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बनी हुई है। जिले की कई सीटें ऐसी हैं, जहां मुकाबला केवल प्रत्याशियों के बीच नहीं, बल्कि राजनीतिक दलों की प्रतिष्ठा और स्थानीय मुद्दों से भी जुड़ा हुआ है। इनमें कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर की सीट से लेकर ओरण संरक्षण के मुद्दे पर चुनाव मैदान में उतरे निर्दलीय प्रत्याशियों की सीटें खास चर्चा में हैं।

जिला परिषद के 21 वार्डों में भाजपा, कांग्रेस, आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा है। भाजपा ने 20 और कांग्रेस ने सभी 21 वार्डों में प्रत्याशी उतारे थे। वहीं आरएलपी के पांच तथा 29 निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में थे। ऐसे में कई वार्डों में मुकाबला बहुकोणीय रहा।

वार्ड 3 में अमरदीन फकीर की प्रतिष्ठा

जिला परिषद का वार्ड संख्या 3 सबसे चर्चित सीटों में शामिल है। यहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर स्वयं चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने भाजपा के तनेराव और निर्दलीय दादन खान हैं। इस सीट का परिणाम कांग्रेस संगठन के लिए प्रतिष्ठा का सवाल माना जा रहा है। अमरदीन फकीर की जीत या हार का असर जिले की राजनीति में भी चर्चा का विषय रहेगा।

वार्ड 14 में त्रिकोणीय मुकाबला

वार्ड संख्या 14 में भाजपा के नारायणदान, कांग्रेस के अमीन खान और आरएलपी के अमर सिंह के बीच मुकाबला है। निर्दलीय प्रत्याशी परमाराम परिहार की मौजूदगी ने इस सीट के समीकरणों को और दिलचस्प बना दिया है। यहां मतदाताओं का फैसला राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।

ओरण संरक्षण के मुद्दे पर भी नजर

जैसलमेर में ओरण संरक्षण का मुद्दा चुनाव के दौरान प्रमुखता से सामने आया। टीम ओरण की ओर से 21 में से 14 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी उतारे जाने से मुकाबले में एक नया राजनीतिक पहलू जुड़ गया। अब मतगणना में यह देखना दिलचस्प होगा कि ओरण संरक्षण के मुद्दे को कितना जनसमर्थन मिला और निर्दलीय प्रत्याशी प्रमुख दलों के वोट बैंक में कितनी सेंध लगा पाए।

जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए 11 सीटों का बहुमत

जैसलमेर जिला परिषद में कुल 21 वार्ड हैं। ऐसे में जिला प्रमुख बनाने के लिए किसी भी दल को कम से कम 11 सदस्यों का समर्थन जरूरी होगा। जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित होने से इस वर्ग के निर्वाचित सदस्यों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहेगी।

अब सभी की निगाहें 20 नवंबर की मतगणना पर टिकी हैं। परिणाम बताएंगे कि जैसलमेर जिला परिषद में भाजपा अपना दबदबा कायम करती है या कांग्रेस वापसी करती है। साथ ही यह भी स्पष्ट होगा कि आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशी जिला प्रमुख के चुनाव में कितनी निर्णायक भूमिका निभाते हैं।

Source: NSI MEDIA

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News