श्रीगंगानगर। पंचायतीराज चुनावों के परिणामों को लेकर श्रीगंगानगर जिले में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। जिला परिषद के 39 वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला रहा, लेकिन कुछ सीटों पर राजनीतिक दिग्गजों और उनके परिवारों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है। इन सीटों के परिणाम जिले की राजनीति में नए समीकरण बना सकते हैं।
जिले की सबसे चर्चित सीटों में वार्ड संख्या 24 शामिल है, जहां कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष पृथ्वीपाल संधू इस बार भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। उनका दल बदलकर चुनाव लड़ना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस सीट पर परिणाम से यह भी पता चलेगा कि मतदाताओं ने उनके राजनीतिक प्रभाव को कितना समर्थन दिया है।
