बीकानेर। नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस में टिकट वितरण की कवायद तेज होने के साथ ही पार्टी के भीतर गुटीय समीकरण भी सामने आने लगे हैं। बीकानेर नगर निगम के वार्ड 73 और 74 में टिकट को लेकर पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला की पसंद-नापसंद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इन दोनों वार्डों में दो युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जुड़े दावेदारों को टिकट नहीं देने के लिए कल्ला ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।
वार्ड 73 में आनंद जोशी मजबूत दावेदार
वार्ड 73 से पूर्व शहर कांग्रेस के महामंत्री रहे आनंद जोशी कांग्रेस टिकट के प्रबल दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं। यह वार्ड सामाजिक समीकरणों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है और यहां ब्राह्मण तथा ओबीसी मतदाताओं की अच्छी संख्या है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा की ओर से इस वार्ड में ब्राह्मण चेहरे को प्रत्याशी बनाए जाने की तैयारी है। ऐसे में कांग्रेस के भीतर भी जातीय और स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवार चयन को लेकर मंथन चल रहा है। आनंद जोशी की संगठन में सक्रियता और पूर्व में शहर कांग्रेस में महामंत्री की जिम्मेदारी निभाने के कारण उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।
