राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 तथा राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 59, 61 एवं 62 तथा राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान द्वारा जारी निर्देशों के अनुसरण में जिला परिषद, सवाई माधोुपर के प्रमुख पद के निर्वाचन हेतु संबंधित निर्वाचित सदस्यों की बैठक बुधवार, 25 नवम्बर को प्रातः 10 बजे सवाई माधोपुर जिला परिषद सभागार में आयोजित की जाएगी। रिटर्निंग अधिकारी जिला परिषद सदस्य निर्वाचन एवं जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न करवाई जाएगी। इसके तहत जिला परिषद, सवाई माधोपुर के प्रमुख पद के निर्वाचन हेतु संबंधित निर्वाचित सदस्यों की बैठक जिला परिषद सभागार में बुधवार, 25 नवम्बर को प्रातः 10 बजे शुरू होगी। इसके बाद नाम निर्देशन-पत्र प्रातः 10 बजे से प्रातः 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11ः30 बजे से की जाएगी तथा अभ्यर्थी दोपहर 1 बजे तक अपने नाम निर्देशन-पत्र वापस ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि यदि आवश्यक हुआ तो मतदान अपरान्ह 3 बजे से सांय 5 बजे के मध्य करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 एवं राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 तथा राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान द्वारा जारी प्रासंगिक आदेशों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपादित की जाएगी। रिटर्निंग अधिकारी ने जिला परिषद, सवाई माधोपुर के समस्त संबंधित निर्वाचित सदस्यों से निर्धारित दिनांक, समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। ---000---
स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला सवाई माधोपुर) · 23 नवम्बर 2026, 05:48 PM — मूल विज्ञप्ति