जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनसेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि जिस समर्पण, जिम्मेदारी और टीम भावना के साथ सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों ने निर्वाचन कार्यों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है, उसी भावना के साथ अपने नियमित कार्यालय दायित्वों का भी निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच आपसी समन्वय से अंतरविभागीय प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने निर्वाचन अवधि में प्रभावित हुई लंबित फाइलों एवं जनसेवाओं का अगले सात दिनों में प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा आगामी बैठक में विभागवार प्रगति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। चुनाव ड्यूटी में लगे कार्मिक तत्काल मूल विभाग में दें जॉइनिंग:- उन्होंने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों को चुनाव ड्यूटी में लगाए गए कार्मिकों को तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए, ताकि वे अपने मूल विभागों में उपस्थित होकर नियमित कार्यों का सुचारू रूप से संचालन कर सकें। उन्होंने निर्वाचन कार्य के दौरान अधिकारियों एवं कार्मिकों को मिले अनुभवों, व्यवस्थाओं एवं चुनौतियों का संक्षिप्त विवरण तैयार कर निर्वाचन प्रकोष्ठ में जमा करवाने को कहा, ताकि भविष्य में बेहतर चुनावी कार्ययोजना तैयार करने में इनका उपयोग किया जा सके। उन्होंने बैठक में राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दिसंबर माह में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए लोकार्पण, शिलान्यास एवं अन्य कार्यक्रमों के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला विकास पुस्तिका एवं प्रदर्शनी के सम्बन्ध में सभी विभागों को वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल के दौरान विभागीय उपलब्धियों, बजट घोषणाओं की प्रगति एवं नवीन विकास कार्यों की अद्यतन जानकारी कार्यालय सहायक निदेशक, सूचना एवं जनसम्पर्क को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए, ताकि जिला विकास पुस्तिका एवं प्रदर्शनी के माध्यम से जिले की विकास यात्रा और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहलों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जा सके। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासिनया, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी हरि सिंह मीना, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी हरज्ञान मीना, उप निदेशक सांख्यिकी धर्मेन्द्र गुप्ता, जनसम्पर्क अधिकारी सुरेन्द्र कुमार मीणा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। ---000---

स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला सवाई माधोपुर) · 23 नवम्बर 2026, 05:51 PM — मूल विज्ञप्ति