बीकाने/ देशनोक, 10 सितम्बर 2026। देशनोक नगरपालिका चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी का चुनाव अभियान अंतिम चरण में पहुंच गया है। 11 सितम्बर को होने वाले मतदान को लेकर भाजपा संगठन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए वार्ड एवं बूथ स्तर तक व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। चुनाव प्रचार के दौरान देशनोक के विभिन्न वार्डों में आमसभाओं, नुक्कड़ सभाओं, जनसंपर्क एवं घर-घर संवाद के माध्यम से भाजपा ने विकास, सुशासन और बेहतर नागरिक सुविधाओं के संकल्प के साथ जनता से जनादेश मांगा।
कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि देशनोक में चुनाव अभियान के दौरान जिस प्रकार से देवतुल्य जनता-जनार्दन का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद मिला है, वह भाजपा के प्रति मजबूत जनविश्वास का प्रमाण है। मातृशक्ति, युवा शक्ति, वरिष्ठजनों एवं आमजन का उत्साह तथा कार्यकर्ताओं का जोश यह स्पष्ट कर रहा है कि देशनोक विकास और सुशासन के साथ भाजपा को अपना आशीर्वाद देने के लिए तैयार है।

विधायक भाटी ने कहा कि भाजपा ने पूरे चुनाव अभियान को सकारात्मक विकास के एजेंडे के साथ आगे बढ़ाया है। हमारा स्पष्ट संकल्प है कि देशनोक के प्रत्येक वार्ड को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए तथा सड़क, नाली, सफाई, पेयजल, रोशनी सहित आवश्यक नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए। देशनोक को स्वच्छ, सुंदर, सुविधायुक्त एवं विकसित नगर के रूप में आगे बढ़ाना भाजपा की प्राथमिकता है।
