बीकानेर। बीकानेर नगर निकाय चुनाव में सबसे चर्चित वार्ड 75 एक बार फिर सियासी हलचल के केंद्र में है। भाजपा प्रत्याशी विशाल गोलच्छा के नामांकन पर लगाई गई आपत्ति खारिज होने के बाद जहां गोलच्छा का चुनाव मैदान में बने रहना तय हो गया है, वहीं इस पूरे घटनाक्रम ने भाजपा के भीतर चल रही कथित खींचतान को भी चर्चा में ला दिया है।
आपत्ति को किया खारिज -विशाल गोलच्छा के नामांकन पर प्रणव भोजक की ओर से अधिवक्ता आनंद बजाज के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई गई थी। आपत्ति में गोलच्छा के चुनावी एफिडेविट में गलत जानकारी होने का आरोप लगाते हुए उनका नामांकन निरस्त करने की मांग की गई थी। हालांकि, जांच-पड़ताल के बाद निर्वाचन प्रक्रिया में आपत्ति को खारिज कर दिया गया, जिससे गोलच्छा का पर्चा बच गया और वे भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी बने हुए हैं। विशाल गोलच्छा की ओर से बीजेपी के सह चुनाव प्रभारी महावीर सैनी और एडवोकेट सुमन कंवर ने की पैरवी।

आपत्ति लगाने वाले के किरदार को लेकर उठे सवाल-बीजेपी के केंडिडेट गोलच्छा के खिलाफ आपत्ति किसी विरोधी दल से जुड़े व्यक्ति या पार्टी ने नहीं की है। इस पूरे मामले में चर्चा आये प्रणव भोजक असल में महावीर रांका का ही आदमी है। वह लम्बे समय से उनके साथ और पारवारिक सदस्य की तरह रहता है। सोशल मिडिया के रांका - प्रणव भोजक की फोटो से यह तस्दीक भी होता है कि वह रांका का बेहद करीबी है।

