बीकानेर। बीकानेर नगर निगम चुनाव में वार्ड संख्या 69 का चुनावी मुकाबला मतदान से पहले ही खत्म हो गया। यहां भाजपा प्रत्याशी लीला निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं। नामांकन जांच के दौरान कांग्रेस से जुड़ी ममता ममता सांसी का नामांकन खारिज होने के बाद वार्ड 69 में लीला के सामने कोई वैध प्रत्याशी नहीं बचा।
दरअसल, कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने के बाद ममता ने RLP के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। माना जा रहा था कि उनके मैदान में आने से वार्ड 69 में मुकाबला दिलचस्प हो सकता है। लेकिन नामांकन पत्र में पार्टी का नाम गलत दर्ज होना ममता के लिए भारी पड़ गया।
नामांकन पत्रों की जांच के दौरान निर्वाचन अधिकारी ने पार्टी के नाम से जुड़ी त्रुटि को आधार बनाते हुए ममता का पर्चा निरस्त कर दिया। पर्चा खारिज होते ही वार्ड 69 में चुनावी मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह बदल गई और भाजपा प्रत्याशी लीला के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया।
