मुख्य सामग्री पर जाएं
ब्रेकिंग

बीकानेर नगर निगम चुनाव: नतीजों से पहले बीकानेर में बाड़ाबंदी का खेल

भाजपा के पार्षद जोधपुर के पास फार्म हाउस में, कांग्रेस ने नोखा रोड पर डाला डेरा

लेखक Piyush purohit

अपडेट:

बीकानेर। नगर निगम चुनाव में मतदान सम्पन्न होने के बाद अब 14 सितम्बर को आने वाले नतीजों से पहले बीकानेर की सियासत में बाड़ाबंदी का दौर शुरू हो गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने…

शेयर करें
बीकानेर नगर निगम चुनाव: नतीजों से पहले बीकानेर में बाड़ाबंदी का खेल

बीकानेर। नगर निगम चुनाव में मतदान सम्पन्न होने के बाद अब 14 सितम्बर को आने वाले नतीजों से पहले बीकानेर की सियासत में बाड़ाबंदी का दौर शुरू हो गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें फार्म हाउस में पहुंचा दिया है। चुनाव परिणाम से पहले दोनों दल किसी भी तरह की सेंधमारी से बचने और अपने संभावित विजेता पार्षदों को एकजुट रखने में जुटे हैं।

भाजपा की बाड़ाबंदी जोधपुर के पास

भाजपा ने अपने प्रत्याशियों को जोधपुर के पास एक फार्म हाउस में रखा है। यहां बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास और शहर भाजपा अध्यक्ष सुमन छाजेड़ सहित पार्टी के नेता व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। प्रत्याशियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने के साथ ही चुनावी समीकरणों पर भी मंथन किया जा रहा है।

भाजपा खेमे में वार्डवार परिणामों को लेकर आकलन का दौर जारी है। पार्टी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि मतगणना के बाद यदि बोर्ड गठन के लिए राजनीतिक जोड़-तोड़ की स्थिति बनती है तो उसके पार्षद एकजुट रहें।

कांग्रेस ने बीकानेर में ही संभाला मोर्चा

वहीं कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों को बीकानेर से बाहर भेजने के बजाय नोखा रोड स्थित एक फार्म हाउस में रखा है। यहां पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल, यशपाल गहलोत सहित कांग्रेस के अन्य नेता प्रत्याशियों के साथ हैं।

कांग्रेस खेमे में भी प्रत्याशियों के साथ बैठकें और राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा का दौर जारी है। पार्टी नेताओं की नजर संभावित जीत वाले वार्डों के साथ-साथ उन वार्डों पर भी है, जहां मुकाबला बेहद करीबी माना जा रहा है।

निर्दलीयों पर भी दोनों दलों की नजर

बीकानेर नगर निगम में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला यदि करीबी रहता है तो निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। यही वजह है कि दोनों दल अपने-अपने संभावित आंकड़ों का हिसाब लगाने के साथ भविष्य के समीकरणों पर भी नजर रखे हुए हैं।

14 सितम्बर को खुलेगा ईवीएम का पिटारा

मतदान के बाद अब सभी की निगाहें 14 सितम्बर की मतगणना पर हैं। इसी दिन वार्डवार परिणाम सामने आएंगे और स्पष्ट होगा कि बीकानेर नगर निगम में किस दल का पलड़ा भारी रहा।

नतीजों से पहले भाजपा और कांग्रेस की बाड़ाबंदी ने निगम चुनाव की सियासत को और गर्म कर दिया है। अब सवाल सिर्फ पार्षदों की जीत-हार का नहीं, बल्कि बहुमत किसके पास होगा और बीकानेर नगर निगम की अगली सरकार कौन बनाएगा, इसका भी है।

ईवीएम में जनादेश बंद है, लेकिन नतीजों से पहले सियासी बिसात पर दोनों दलों ने अपने मोहरे सुरक्षित कर दिए हैं। अब 14 सितम्बर को ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।

शेयर करें

टिप्पणियां

0 / 1200

टिप्पणियां प्रकाशन के 30 दिन बाद बंद हो जाती हैं।

संबंधित खबरें