बीकानेर। नगर निगम चुनाव में मतदान सम्पन्न होने के बाद अब 14 सितम्बर को आने वाले नतीजों से पहले बीकानेर की सियासत में बाड़ाबंदी का दौर शुरू हो गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें फार्म हाउस में पहुंचा दिया है। चुनाव परिणाम से पहले दोनों दल किसी भी तरह की सेंधमारी से बचने और अपने संभावित विजेता पार्षदों को एकजुट रखने में जुटे हैं।
भाजपा की बाड़ाबंदी जोधपुर के पास
भाजपा ने अपने प्रत्याशियों को जोधपुर के पास एक फार्म हाउस में रखा है। यहां बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास और शहर भाजपा अध्यक्ष सुमन छाजेड़ सहित पार्टी के नेता व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। प्रत्याशियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने के साथ ही चुनावी समीकरणों पर भी मंथन किया जा रहा है।
भाजपा खेमे में वार्डवार परिणामों को लेकर आकलन का दौर जारी है। पार्टी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि मतगणना के बाद यदि बोर्ड गठन के लिए राजनीतिक जोड़-तोड़ की स्थिति बनती है तो उसके पार्षद एकजुट रहें।
