भरतपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,10 लाख की रंगदारी मांगने वाले बदमाश को 24 घंटे में किया गिरफ्तार

  • मथुरागेट थाना और डीएसटी टीम ने दिल्ली निवासी शातिर चंदू देशवाल को दबोचा; जयपुर कमिश्नरेट के एक गंभीर मामले में है इनामी
जयपुर 25 मई। भरतपुर जिला पुलिस ने रंगदारी और व्यापारियों को डरा-धमकाकर अवैध वसूली करने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता अर्जित की है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव के समन्वय तथा वृत्ताधिकारी शहर आशिमा वासवानी (आएपीएस प्रो.) के सुपरविजन में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मथुरागेट थाना और जिला विशेष टीम ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए एक कपड़ा शोरूम संचालक से ₹10 लाख की रंगदारी मांगने के मुख्य आरोपी और ₹5000 के इनामी बदमाश को वारदात के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
व्हाट्सएप पर फोन कर कहा था- ₹10 लाख दो, नहीं तो तड़पा-तड़पा कर मारूंगा
इस सनसनीखेज वारदात के संबंध में भरतपुर शहर के लक्ष्मण मंदिर स्थित कपड़ा शोरूम के संचालक रामबाबू कंसल ने मथुरागेट थाने में एक लिखित रिपोर्ट पेश की थी। पीड़ित के अनुसार, 21 मई 2026 को उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने अपना परिचय देते हुए कहा, मैं चंदू देशवाल उर्फ चंद्रशेखर बोल रहा हूं, मुझे ₹10 लाख दो नहीं तो इसके परिणाम बेहद घातक होंगे। आरोपी ने व्यापारी और उसके पूरे परिवार को सरेआम जान से मारने की खौफनाक धमकी देते हुए कहा था कि वह उन्हें तड़फा-तड़फा कर मारेगा। इस गंभीर शिकायत पर मथुरागेट थाने में तुरंत मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
तकनीकी इनपुट और घेराबंदी से 24 घंटे में दबोचा गया दिल्ली का शातिर
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मथुरागेट थानाधिकारी हरलाल और उप निरीक्षक बलराम के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस और डीएसटी टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की सहायता से घेराबंदी करते हुए आरोपी चंदू देशवाल उर्फ चंद्रशेखर (26) पुत्र हरवीर सिंह डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया। वर्तमान में अनिरुद्ध नगर निवासी आरोपी मूल रूप से एमवी रोड कालका, दिल्ली का निवासी है।
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट से भी घोषित था ₹5000 का इनामी
पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया आरोपी चंदू देशवाल एक आदतन अपराधी है। वह जयपुर कमिश्नरेट के थाना श्याम नगर में दर्ज एक अन्य गंभीर आपराधिक मामले (अभियोग संख्या 81/2026) में भी लंबे समय से वांछित चल रहा था। जयपुर में उसकी गिरफ्तारी न होने के कारण जिला पुलिस उपायुक्त दक्षिण द्वारा उस पर ₹5000 का नकद इनाम भी घोषित किया गया था। यह शातिर बदमाश वर्तमान में भरतपुर के मथुरागेट थाना क्षेत्र में फरारी काट रहा था।
————–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *