- विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने ली समन्वय बैठक ,
- बस स्टैण्ड का किया अवलोकन , पीडीकोर ने दिया प्रजेंटेशन ,
- 50 साल की जरूरतों को पूरा करेगा नया स्टैण्ड
जयपुर , 25 अक्टूबर। दीपावली से पहले राज्य सरकार ने अजमेर को बड़ा तोहफा दिया है। करीब 50 साल पहले बने अजमेर के केन्द्रीय बस स्टैण्ड को पुनः निर्मित किया जाएगा। राज्य सरकार ने अजमेर विकास प्राधिकरण को बस स्टैण्ड निर्माण के लिए कार्यकारी एजेंसी बनाया है। करीब 70 करोड़ रूपए की लागत से बस स्टैण्ड को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी की पहल पर तैयार होने वाला यह ड्रीम प्रोजेक्ट आगामी 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा। नए बस स्टैण्ड में आधुनिक सुविधाओं के साथ शहर के सौन्दर्यीकरण और व्यवस्थित यातायात पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रविवार को बस स्टैण्ड के पुनर्विकास को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ पहली समन्वय बैठक की। बैठक में अजमेर विकास प्राधिकरण , परिवहन विभाग , राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) तथा पीडीकोर के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रस्तावित योजना , निर्माण की रूपरेखा , भूमि की उपलब्धता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर चर्चा की गई। पीडीकोर की ओर से बस स्टैण्ड के नए स्वरूप को लेकर प्रजेंटेशन भी दिया गया।
