युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने 'मेरा युवा भारत' (MY Bharat) के माध्यम से अपने देशव्यापी ' विकसित भारत युवा संवाद: अपना वोट जानें ' अभियान के तहत आज 23 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में 100 युवा संवाद आयोजित किए। इस अभियान का उद्देश्य चुनावी जागरूकता को बढ़ाना और लोकतंत्र में युवाओं की सूझबूझ भरी तथा जिम्मेदार भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। इन कार्यक्रमों में 16,600 से अधिक युवाओं और 100 युवा आइकॉन ने हिस्सा लिया। साथ ही, जन प्रतिनिधियों के साथ बातचीत हुई और मतदान के अधिकारों, नागरिक जिम्मेदारियों तथा लोकतंत्र को मजबूत करने में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की गई।
इन आयोजनों में उत्तर भारत से दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश; दक्षिण से तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और पुदुचेरी; उत्तर-पूर्व से अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर और मिजोरम; पूर्व से बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल; मध्य भारत से छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश; तथा पश्चिम भारत से गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान शामिल हुए। आज के कार्यक्रमों के साथ ही 26.10.2026 से 05.11.2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत अब तक 31 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 411 युवा संवाद आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 77,500 युवाओं और 411 युवा आइकॉन ने हिस्सा लिया है।
दिल्ली में, केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने महरौली क्षेत्र में एक युवा संवाद में भाग लिया, जहां उन्होंने छात्रों से बातचीत की और चुनावी प्रक्रियाओं पर उनके सवालों के जवाब दिए। हरियाणा में, भिवानी से लोकसभा सांसद श्री चौधरी धर्मबीर सिंह ने युवा प्रतिभागियों के साथ संवाद किया और मतदान तथा चुनावी जागरूकता पर अपने विचार साझा किए। पंजाब में, एमवाई भारत ने सीटी यूनिवर्सिटी के सहयोग से लुधियाना में और तरनतारन के गुरु अर्जुन देव कॉलेज में कार्यक्रमों का आयोजन किया।
