Skip to content
BREAKING

70 करोड़ की लागत से बनेगा केन्द्रीय बस स्टैण्ड , एडीए कार्यकारी एजेंसी नियुक्त

Updated:

विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने ली समन्वय बैठक ,

70 करोड़ की लागत से बनेगा केन्द्रीय बस स्टैण्ड , एडीए कार्यकारी एजेंसी नियुक्त ,
— सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान
  • विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने ली समन्वय बैठक ,
  • बस स्टैण्ड का किया अवलोकन , पीडीकोर ने दिया प्रजेंटेशन ,
  • 50 साल की जरूरतों को पूरा करेगा नया स्टैण्ड

जयपुर , 25 अक्टूबर। दीपावली से पहले राज्य सरकार ने अजमेर को बड़ा तोहफा दिया है। करीब 50 साल पहले बने अजमेर के केन्द्रीय बस स्टैण्ड को पुनः निर्मित किया जाएगा। राज्य सरकार ने अजमेर विकास प्राधिकरण को बस स्टैण्ड निर्माण के लिए कार्यकारी एजेंसी बनाया है। करीब 70 करोड़ रूपए की लागत से बस स्टैण्ड को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी की पहल पर तैयार होने वाला यह ड्रीम प्रोजेक्ट आगामी 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा। नए बस स्टैण्ड में आधुनिक सुविधाओं के साथ शहर के सौन्दर्यीकरण और व्यवस्थित यातायात पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रविवार को बस स्टैण्ड के पुनर्विकास को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ पहली समन्वय बैठक की। बैठक में अजमेर विकास प्राधिकरण , परिवहन विभाग , राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) तथा पीडीकोर के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रस्तावित योजना , निर्माण की रूपरेखा , भूमि की उपलब्धता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर चर्चा की गई। पीडीकोर की ओर से बस स्टैण्ड के नए स्वरूप को लेकर प्रजेंटेशन भी दिया गया।

विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर केन्द्रीय बस स्टैण्ड का विकास शहर की बढ़ती जरूरतों और भविष्य की यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर किया जाएगा। बस स्टैण्ड का नया डिजाइन आधुनिक सुविधाओं के साथ शहर के सौन्दर्यीकरण को भी ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। इसमें गार्डन , आकर्षक स्टैच्यू , बेहतर लाइटिंग और आधुनिक संरचनाओं का समावेश होगा। यात्रियों को सुविधाजनक आवागमन , बेहतर प्रतीक्षालय और व्यवस्थित बस संचालन की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित योजना में हाई-राइज प्लेटफार्म , डिजिटल डिस्प्ले , बसों की रियल टाइम लोकेशन की जानकारी , ई-बस चार्जिंग स्टेशन , डीजल पम्प तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त कार्यालयों की व्यवस्था शामिल होगी। वॉल्वो और एसी बसों सहित विभिन्न शहरों के लिए अलग-अलग प्लेटफार्म विकसित करने की योजना भी बनाई जा रही है। इससे यात्रियों को अपनी बस तक पहुंचने में सुविधा होगी और बसों का संचालन अधिक व्यवस्थित हो सकेगा।

बस स्टैण्ड के पुनर्विकास के तहत वर्तमान वर्कशॉप को जयपुर रोड पर स्थानांतरित किया जाएगा। रोडवेज की ओर से एडीए को कुछ भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। भूमि की उपलब्धता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करेंगे। वर्कशॉप स्थानांतरित होने से बस स्टैण्ड परिसर का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए अधिक स्थान उपलब्ध होगा।

श्री देवनानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस स्टैण्ड के पुनर्विकास की योजना को सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आगे बढ़ाया जाए। निर्माण कार्य में आधुनिक तकनीक , यात्रियों की सुविधा , सुगम यातायात और भविष्य की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि अजमेर के केन्द्रीय बस स्टैण्ड को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने से शहर की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी और अजमेर आने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने रोडवेज बस स्टैण्ड का निरीक्षण भी किया। उन्होंने प्रस्तावित विकास कार्यों के मद्देनजर परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों के साथ आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की।

भानुप्रताप/नितिन

स्रोत: Times of Rajasthan

Source: Times of Rajasthan

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News