सीकर। पंचायती राज चुनाव-2026 की मतगणना से पहले सीकर जिला परिषद की कई सीटें राजनीतिक रूप से हॉट बनी हुई हैं। जिले के 49 वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है, लेकिन कई सीटों पर माकपा और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) की मौजूदगी ने मुकाबले को रोचक बना दिया है। कुछ वार्डों में प्रत्याशियों की अधिक संख्या के कारण मुकाबला बहुकोणीय हो गया है।
वार्ड संख्या 1 में भाजपा, कांग्रेस और आरएलपी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला चर्चा में है। यहां कांग्रेस के फूलाराम चौहान, भाजपा के राजेश कुमार रोलन और आरएलपी की ललिता कुमारी मैदान में हैं। वार्ड संख्या 4 में भाजपा की मोनिका कंवर, कांग्रेस की राजकुमारी और माकपा की चुंका देवी के बीच मुकाबला है। वार्ड 5 में भाजपा की संतोष, कांग्रेस की सुबिता और आरएलपी की नजामबानू के बीच चुनावी टक्कर देखने को मिली।
वार्ड संख्या 6 भी खासा चर्चा में है। यहां भाजपा के हरिराम सेवदा, कांग्रेस के योगेश कुमार और माकपा के मोहन सिंह सहित सात प्रत्याशियों ने चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाई है। वार्ड 11 में भाजपा के महेन्द्र सिंह मूवाल और कांग्रेस की सुनीता गठाला के बीच मुकाबला है। इस वार्ड में कुल आठ प्रत्याशियों के मैदान में होने से परिणाम को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
