Skip to content
हिन्दी
BREAKING

सीकर जिला परिषद चुनाव : भाजपा-कांग्रेस के बीच मुकाबले में माकपा और आरएलपी के भी बनेंगे समीकरण

Updated:

सीकर। पंचायती राज चुनाव-2026 की मतगणना से पहले सीकर जिला परिषद की कई सीटें राजनीतिक रूप से हॉट बनी हुई हैं। जिले के 49 वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य…

सीकर जिला परिषद चुनाव :  भाजपा-कांग्रेस के बीच मुकाबले में माकपा और आरएलपी के भी बनेंगे समीकरण
जिला परिषद सीकर

Highlights

  1. कहीं त्रिकोणीय तो कहीं बहुकोणीय मुकाबला
  2. कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी भी बिगाड़ सकते हैं राजनीतिक दलों का गणित

सीकर। पंचायती राज चुनाव-2026 की मतगणना से पहले सीकर जिला परिषद की कई सीटें राजनीतिक रूप से हॉट बनी हुई हैं। जिले के 49 वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है, लेकिन कई सीटों पर माकपा और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) की मौजूदगी ने मुकाबले को रोचक बना दिया है। कुछ वार्डों में प्रत्याशियों की अधिक संख्या के कारण मुकाबला बहुकोणीय हो गया है।

वार्ड संख्या 1 में भाजपा, कांग्रेस और आरएलपी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला चर्चा में है। यहां कांग्रेस के फूलाराम चौहान, भाजपा के राजेश कुमार रोलन और आरएलपी की ललिता कुमारी मैदान में हैं। वार्ड संख्या 4 में भाजपा की मोनिका कंवर, कांग्रेस की राजकुमारी और माकपा की चुंका देवी के बीच मुकाबला है। वार्ड 5 में भाजपा की संतोष, कांग्रेस की सुबिता और आरएलपी की नजामबानू के बीच चुनावी टक्कर देखने को मिली।

वार्ड संख्या 6 भी खासा चर्चा में है। यहां भाजपा के हरिराम सेवदा, कांग्रेस के योगेश कुमार और माकपा के मोहन सिंह सहित सात प्रत्याशियों ने चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाई है। वार्ड 11 में भाजपा के महेन्द्र सिंह मूवाल और कांग्रेस की सुनीता गठाला के बीच मुकाबला है। इस वार्ड में कुल आठ प्रत्याशियों के मैदान में होने से परिणाम को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।

वार्ड संख्या 17 में भाजपा के राजेन्द्र बुरडक, कांग्रेस के सुनील चाहर और आरएलपी के मनोज कुमार जाखड़ के बीच मुकाबला है। वहीं वार्ड 29 में कांग्रेस के अवतार, भाजपा के सुमित कुमार गुर्जर और आरएलपी के भैरू राम गुर्जर के बीच चुनावी संघर्ष रोचक माना जा रहा है।

वार्ड संख्या 47 में भी भाजपा की जरीना खान, कांग्रेस की नसीम बानो और आरएलपी के नयूम हुसैन सहित पांच प्रत्याशी मैदान में हैं।

किसके पक्ष में जाएगा मतदाताओं का रुझान?

सीकर जिला परिषद के इन वार्डों के परिणाम भाजपा और कांग्रेस के राजनीतिक प्रभाव का आकलन करने के साथ ही माकपा और आरएलपी की चुनावी ताकत भी सामने लाएंगे। कई सीटों पर तीसरे दलों की मौजूदगी से प्रमुख राजनीतिक दलों के जीत-हार के समीकरण प्रभावित हो सकते हैं। अब सभी की नजर मतगणना पर है, जहां मतदाताओं का फैसला सामने आएगा।

Source: NSI MEDIA

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News