मुख्य सामग्री पर जाएं
ब्रेकिंग

हनुमानगढ़ जिला परिषद में भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर, माकपा और आरएलपी भी बिगाड़ सकती हैं समीकरण

लेखक Administrator

अपडेट:

हनुमानगढ़ । राजस्थान में पंचायतीराज चुनावों की मतगणना को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हनुमानगढ़ जिला परिषद में किस पार्टी का बोर्ड बनेगा, इसका फैसला 20 नवंबर को होने वाली…

शेयर करें
हनुमानगढ़ जिला परिषद में भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर, माकपा और आरएलपी भी बिगाड़ सकती हैं समीकरण
जिला परिषद हनुमानगढ़

मुख्य बातें

  1. 37 वार्डों में चुनावी मुकाबला
  2. बहुमत के लिए 19 सीटों की जरूरत
  3. कल मतगणना के बाद खुलेगा प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा

हनुमानगढ़। राजस्थान में पंचायतीराज चुनावों की मतगणना को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हनुमानगढ़ जिला परिषद में किस पार्टी का बोर्ड बनेगा, इसका फैसला 20 नवंबर को होने वाली मतगणना के साथ हो जाएगा। जिले के 37 वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है, वहीं माकपा, आरएलपी, बसपा और निर्दलीय प्रत्याशी भी कई वार्डों में चुनावी समीकरण प्रभावित कर सकते हैं।

जिला परिषद में बहुमत के लिए 19 सीटों की आवश्यकता है। भाजपा ने सभी 37 वार्डों में चुनावी मैदान में अपनी ताकत दिखाई, जबकि कांग्रेस ने 33 वार्डों में प्रत्याशी उतारे। कांग्रेस ने वार्ड संख्या 11, 12, 13 और 15 में उम्मीदवार नहीं उतारे। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों की बड़ी संख्या भी मुकाबले को दिलचस्प बना रही है।

चुनाव में भाजपा के 36, कांग्रेस के 33, निर्दलीय 17, माकपा के 14, आरएलपी के 12 और बसपा के 6 प्रत्याशी मैदान में हैं। इससे स्पष्ट है कि कई वार्डों में मुकाबला केवल भाजपा और कांग्रेस के बीच सीमित नहीं रहेगा।

इन वार्डों पर रहेंगी विशेष नजरें

वार्ड संख्या 1 में भाजपा के इंद्रजीत बिश्नोई, कांग्रेस की रेणु और आरएलपी के सेनसकरण के बीच मुकाबला है। वार्ड संख्या 3 में भाजपा के श्योपत मेघवाल, कांग्रेस के सुरेंद्र कुमार, माकपा के सुभाष चंदर और बसपा के रामगोपाल के बीच बहुकोणीय संघर्ष है। वहीं वार्ड संख्या 37 में भाजपा की कर्मजीत कौर और कांग्रेस की छिंद्रपाल कौर के बीच सीधी टक्कर है।

महिला के हाथों में होगी जिला प्रमुख की कमान

हनुमानगढ़ जिला परिषद में जिला प्रमुख का पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। ऐसे में चुनाव जीतकर आने वाली महिला सदस्यों में से ही जिला प्रमुख चुना जाएगा। जिला परिषद की 37 सीटों में बहुमत हासिल करने वाले दल की दावेदारी मजबूत होगी। 25 नवंबर को जिला प्रमुख का चुनाव प्रस्तावित है।

कल तय होगा किसका बनेगा बोर्ड

20 नवंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। परिणामों को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों खेमों में उत्सुकता है। माकपा और आरएलपी की भूमिका भी नतीजों के बाद महत्वपूर्ण हो सकती है। अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं। देखना होगा कि हनुमानगढ़ जिला परिषद में भाजपा अपना बोर्ड बनाने में सफल रहती है या कांग्रेस सत्ता में वापसी करती है।

स्रोत: NSI MEDIA

शेयर करें

टिप्पणियां

0 / 1200

टिप्पणियां प्रकाशन के 30 दिन बाद बंद हो जाती हैं।

संबंधित खबरें