मुख्य सामग्री पर जाएं
ब्रेकिंग

झुंझुनूं जिला परिषद में भाजपा-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर, आरएलपी बिगाड़ सकती है समीकरण

लेखक Administrator

अपडेट:

झुंझुनूं। पंचायती राज चुनाव-2026 के परिणाम को लेकर झुंझुनूं जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जिला परिषद के 41 वार्डों में हुए चुनाव के बाद अब सभी की निगाहें 20 नवंबर को होने…

शेयर करें
झुंझुनूं जिला परिषद में भाजपा-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर, आरएलपी बिगाड़ सकती है समीकरण

मुख्य बातें

  1. 41 वार्डों में 155 प्रत्याशियों की किस्मत का कल होगा फैसला
  2. कई सीटों पर त्रिकोणीय और बहुकोणीय मुकाबला
  3. आरएलपी और निर्दलीय तय कर सकते हैं समीकरण

झुंझुनूं। पंचायती राज चुनाव-2026 के परिणाम को लेकर झुंझुनूं जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जिला परिषद के 41 वार्डों में हुए चुनाव के बाद अब सभी की निगाहें 20 नवंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। जिले में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है, लेकिन राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) की एंट्री ने कई वार्डों में चुनावी गणित को दिलचस्प बना दिया है। जिला परिषद के 155 प्रत्याशियों की राजनीतिक किस्मत का फैसला मतगणना के साथ होगा।

भाजपा ने 40 वार्डों में, कांग्रेस ने सभी 41 वार्डों में और आरएलपी ने 15 वार्डों में प्रत्याशी उतारे हैं। ऐसे में कई सीटों पर मुकाबला सीधा होने के बजाय त्रिकोणीय और बहुकोणीय बन गया है। जिला परिषद में बहुमत के लिए 21 सदस्यों का समर्थन जरूरी होगा। यही वजह है कि दोनों प्रमुख दलों की नजर केवल अपनी सीटें बढ़ाने पर नहीं, बल्कि जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचने के लिए बहुमत के आंकड़े पर भी है।

इन वार्डों पर रहेगी खास नजर

वार्ड संख्या 1 में भाजपा की जमीला बानू, कांग्रेस की समीरा अनीस खान, आरएलपी की अनीता छब्बरवाल, बसपा की पूनम कुमारी और निर्दलीय अंबिका कुमारी के बीच मुकाबला है। वार्ड 2 में भाजपा की सुनीता, कांग्रेस की दा भगवती वर्मा और आरएलपी की सुमन मेघवाल के बीच चुनावी टक्कर है।

वार्ड संख्या 3 में भाजपा की पूजा बाबल, कांग्रेस की डॉ. निकिता और आरएलपी की नीतू कुमारी मैदान में हैं। वहीं वार्ड 4 में भाजपा की विमल कंवर, कांग्रेस की प्रियंका और निर्दलीय नफीसा के बीच मुकाबला है।

वार्ड संख्या 5 भी चर्चा में है। यहां भाजपा की हर्षिनी कुलहरी और कांग्रेस के शीशराम बुरड़क के साथ निर्दलीय प्रत्याशी किरण कंवर, नरेन्द्र सिंह, राहुल और राजीव कुलहरी मैदान में हैं। छह प्रत्याशियों की मौजूदगी से इस वार्ड का मुकाबला रोचक हो गया है।

वार्ड 6 में भाजपा की अनामिका पूनिया, कांग्रेस की सुशीला सिगड़ा और आरएलपी की प्रमिला के बीच टक्कर है। इन सीटों के अलावा जिले के अन्य वार्डों में भी प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला है।

आरएलपी और निर्दलीय तय कर सकते हैं समीकरण

झुंझुनूं जिला परिषद चुनाव में आरएलपी की 15 वार्डों में मौजूदगी और कई सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों की भागीदारी ने भाजपा-कांग्रेस के सामने चुनौती खड़ी की है। कई वार्डों में तीसरे प्रत्याशी को मिलने वाले वोट जीत-हार का अंतर तय कर सकते हैं।

20 नवंबर को खुलेगा चुनावी पिटारा

अब मतगणना में यह साफ होगा कि ग्रामीण मतदाताओं ने भाजपा पर भरोसा जताया है या कांग्रेस को जिला परिषद की कमान सौंपने का जनादेश दिया है। साथ ही आरएलपी कितनी सीटों पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाती है, यह भी अहम रहेगा। नतीजे तय करेंगे कि झुंझुनूं जिला परिषद में किस दल का पलड़ा भारी रहेगा और जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचने के लिए किसके पास मजबूत संख्या होगी।

स्रोत: NSI MEDIA

शेयर करें

टिप्पणियां

0 / 1200

टिप्पणियां प्रकाशन के 30 दिन बाद बंद हो जाती हैं।

संबंधित खबरें