जयपुर, 3 नवंबर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश की विकास प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाते हुए मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने मंगलवार को नई दिल्ली में सेवा तीर्थ में कैबिनेट सचिव डॉ. टी. वी. सोमनाथन से मुलाकात की। मुख्य सचिव ने उन्हें राजस्थान में डिरेगुलेशन एंड कम्प्लायंस रिडक्शन तथा ज्ञान भारतम् मिशन की प्रगति से अवगत कराया।
मुख्य सचिव ने बताया कि राजस्थान ने डिरेगुलेशन एंड कम्प्लायंस रिडक्शन के पहले चरण में आवंटित सभी 23 प्राथमिकता क्षेत्रों में कार्रवाई पूरी कर ली है। दूसरे चरण में आवंटित 28 प्राथमिकता क्षेत्रों में से 24 में की गई कार्रवाई पर केंद्र की सहमति प्राप्त हो चुकी है। शेष चार प्राथमिकता क्षेत्रों में से तीन में राज्य स्तर पर कार्यवाही जारी है, जबकि एक केंद्र स्तर पर विचाराधीन है।
उन्होंने कहा कि इन सुधारों के तहत भवन निर्माण, उद्योगों की स्थापना और व्यावसायिक स्वीकृतियों से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाने के कदम उठाए गए हैं। इनका उद्देश्य अनावश्यक नियामकीय बाधाओं को कम कर प्रदेश में निवेश और व्यापार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है।