कोटपूतली-बहरोड़, 21 नवंबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत मतगणना के दौरान ईवीएम मशीनों में तकनीकी खराबी के कारण परिणाम प्रदर्शित नहीं होने की स्थिति में राज्य निर्वाचन आयोग ने जिले के चार मतदान बूथों पर संबंधित सदस्य पदों के लिए हुए मतदान को शून्य घोषित करते हुए 22 नवंबर को पुनर्मतदान करवाने के निर्देश जारी किए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने बताया कि जिला परिषद कोटपूतली-बहरोड़ के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 19 के बूथ संख्या 44, पंचायत समिति नारायणपुर के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 07 के बूथ संख्या 34, पंचायत समिति पावटा के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 11 के बूथ संख्या 39 तथा निर्वाचन क्षेत्र संख्या 06 के बूथ संख्या 30 पर 20 नवंबर को मतगणना निर्धारित थी। मतगणना के दौरान ईवीएम मशीनों में तकनीकी खराबी के कारण संबंधित सदस्य पदों के परिणाम प्रदर्शित नहीं हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी से प्राप्त रिपोर्ट तथा उपलब्ध तथ्यों एवं परिस्थितियों पर विचार करने के बाद आयोग ने पाया कि उक्त बूथों पर मशीनों में आई तकनीकी खराबी के कारण प्रदर्शित मतों तथा निकटतम प्रतिद्वंद्वी के मतों के अंतर से अधिक संख्या में मत अप्रदर्शित रहे हैं। इस आधार पर राजस्थान पंचायतीराज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 48ए के तहत आयोग ने संबंधित बूथों पर सदस्य पद के मतदान को शून्य घोषित कर दिया है।