




जयपुर , 29 नवंबर।
राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने रविवार को वीणा समूह के म्यूजिक मोबाइल ऐप का एक
Updated:
जयपुर , 29 नवंबर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने रविवार को वीणा समूह के म्यूजिक मोबाइल ऐप का एक निजी होटल में लोकार्पण किया। उन्होंने वीणा द्वारा राजस्थान के पारम्परिक लोक संगीत को जन जन तक पहुंचाने और संगीत , वादन की धरोहर संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने छोटे बच्चों को आरम्भ से ही राजस्थानी संगीत और नृत्य से जोड़े जाने के अधिक से अधिक प्रयास किए जाने का आह्वान किया। श्री बागडे ने कहा कि भारतीय इतिहास निरंतर सच का झूठ बनाया जाता रहा। सही इतिहास कभी लिखा नहीं






जयपुर , 29 नवंबर।
राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने रविवार को वीणा समूह के म्यूजिक मोबाइल ऐप का एक
निजी होटल में लोकार्पण किया। उन्होंने वीणा द्वारा राजस्थान के पारम्परिक लोक
संगीत को जन जन तक पहुंचाने और संगीत , वादन की धरोहर संरक्षण के लिए किए जा
रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने छोटे बच्चों को आरम्भ से ही राजस्थानी
संगीत और नृत्य से जोड़े जाने के अधिक से अधिक प्रयास किए जाने का आह्वान किया।
श्री बागडे ने कहा कि भारतीय इतिहास निरंतर सच का झूठ बनाया जाता रहा। सही
इतिहास कभी लिखा नहीं गया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद आर. सी. मजूमदार की
अध्यक्षता में बनी कमेटी ने भारतीय इतिहास लिखने के अच्छे प्रयास प्रारंभ किए
परंतु उनकी कमेटी सरकार ने भंग कर दी। बाद में ताराचंद की अध्यक्षता में जो समिति
इतिहास लिखने की बनाई गई , उसने अपनी
ओर से कुछ नहीं किया। अंग्रेजों ने जो गलत इतिहास लिखा उसे ही आगे बढ़ाया। इसी से
नई पीढ़ी में इतिहास की त्रुटियां बताई जाती रही। उन्होंने कहा कि अब भारत सरकार
की पहल पर देश का वास्तविक इतिहास लिखें जाने की पहल हुई है। उन्होंने राजस्थान को
सात वार , नौ त्योहार
की संस्कृति वाला प्रदेश बताते हुए कहा कि इसके संगीत में आत्मीयता है। यहां उन
जातियों ने , लोगों ने
संगीत को संजोया और जीवित रखा है जो बहुत कम संख्या में होने के बावजूद परंपरागत
रूप में संगीत से आजीविका चलाते रहे हैं।
राज्यपाल ने "इला न देणी आपणी , हालरिया हुलराय। पूत सिखावै पालणै , मरण बड़ाई माय।" की चर्चा करते
हुए कहा कि यह राजस्थान की शक्ति से जुड़ी , राष्ट्रीयता से ओतप्रोत संस्कृति है
जिसमें मां अपने पुत्र को पालने में ही इस बात के लिए प्रेरित करती है कि मातृभूमि
के लिए मरना ही बड़ाई माननी चाहिए। उन्होंने राजस्थानी संस्कृति संरक्षण के लिए
सबको मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
नगरीय विकास मंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा ने इस अवसर पर कहा कि राजस्थान की
संस्कृति हजारों हजार साल से देश में अपने अनूठेपन के लिए लोगों का मार्गदर्शन
करती रही है। उन्होंने संस्कृति और सभ्यता की भारतीय दृष्टि को अपूर्व बताते हुए
स्व. के.सी मालू द्वारा राजस्थान के संगीत और लोक संस्कृति संरक्षण के लिए किए
प्रयासों को स्मरण करते उन्हें श्रद्धांजलि दी।
राजस्थान धरोहर प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री ओंकार सिंह लखावत ने
लोक पूज्य वीर तेजा , मीरा बाई , ज़ाम्बों जी , अमरसिंह राठौड़ आदि की चर्चा करते हुए
कहा कि इन्हें समझने के लिए गौ रक्षा , भक्ति की परंपरा , पर्यावरण संरक्षण , शौर्य और शक्ति के साथ ही राजस्थानी
भाषा के मर्म में जाना होगा। राजस्थान के संगीत की गहराइयों में जाना होगा। स्व.
के. सी. मालू ने राजस्थानी गीत संगीत में लोक देवताओं और वीरों के अवदान को जीवंत
किया। उन्होंने कहा कि स्व. के.सी. मालू राजस्थान के संगीत की धड़कन थे।
---
डॉ. राजेश व्यास / ऋचा बोहरा
स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला जयपुर) · 29 नवम्बर 2026, 02:33 PM — मूल विज्ञप्ति
Source: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान
Comments close 30 days after publication.