सीकर, 12 नवंबर। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से प्रदान किए जाने वाले स्वच्छ एवं हरित विद्यालय पुरस्कार 2025-26 के तहत राजस्थान के 11 विद्यालयों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चयन किया गया है। इन विद्यालयों को 17 नवंबर को भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम ऑडिटोरियम, आईसीएआर, पूसा में सम्मानित किया जाएगा। देशभर के लगभग 10.5 लाख विद्यालयों में से 191 विद्यालयों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चयन हुआ है। इनमें सीकर जिले के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय उजीन सिंह का नाडा बेरी ने भी स्थान प्राप्त किया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजकमल जाखड़ ने बताया कि पुरस्कार के लिए विद्यालयों का मूल्यांकन छह श्रेणियों के आधार पर किया जाता है, जिनमें जल, शौचालय, साबुन से हाथ धोना, संचालन एवं रखरखाव, व्यवहार परिवर्तन एवं क्षमता निर्माण तथा मिशन लाइफ गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया के तहत सर्वप्रथम विद्यालय स्तर पर मूल्यांकन किया जाता है। इसके पश्चात जिला स्तरीय टीम द्वारा क्रॉस वेरिफिकेशन किया जाता है तथा राज्य स्तर पर पुनः निरीक्षण किया जाता है। राज्य स्तर पर चयनित विद्यालयों का राष्ट्रीय स्तर पर स्वतंत्र एजेंसी के माध्यम से पुनर्मूल्यांकन करवाया जाता है। प्रधानाध्यापक ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रत्येक विद्यालय को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इस राशि का उपयोग विद्यालय में छह श्रेणियों के अंतर्गत सुविधाओं के विकास एवं सुधार के लिए किया जाएगा।

स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार (जिला सीकर) · 12 नवम्बर 2026, 07:12 PM — मूल विज्ञप्ति